Himachal Weather: हिमाचल में तीन दिन तक भारी बारिश की आशंका, यलो अलर्ट
Himachal Weather मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को भारी बारिश के कारण भू-स्खलन की आशंका है जिसके कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित हो सकता है।
राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश में शुक्रवार से रविवार तक भारी बारिश व बिजली गिरने की आशंका के संबंध में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग द्वारा जारी पूर्वानुमान के अनुसार, शुक्रवार को भारी बारिश के कारण भू-स्खलन की आशंका है, जिसके कारण कई स्थानों पर यातायात बाधित हो सकता है। मौसम विभाग ने यातायात मार्गों की जानकारी के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी है। प्रदेश के सात जिलों चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी वर्षा व भू-स्खलन के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। शनिवार को बिलासपुर के अलावा इन्हीं सात जिलों और 12 रविवार को ऊना और बिलासपुर सहित चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन व सिरमौर में भारी वर्षा के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
वीरवार को प्रदेश के कई स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश का क्रम जारी रहा। बीते 24 घंटों के दौरान शिमला के जुब्बड़हट्टी में सबसे अधिक 39.7 मिलीमीटर, ऊना में 18.4, कुल्लू के भुंतर में 17.2, कांगड़ा में 4.5 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है। कई स्थानों पर बिजली भी गिरी। संगड़ाह में एक और सिरमौर में दो संपर्क सड़कें यातायात के लिए बाधित हैं। ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में वर्षा के कारण तापमान में दो से तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। 16 जुलाई तक वर्षा का क्रम ऐसे ही जारी रहने की आशंका जताई है।
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में इस बार छह साल बाद जुलाई में जनजातीय जिलों किन्नौर व लाहुल-स्पीति के ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी हुई है। इससे पहले 2014 में जुलाई माह के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फ गिरी थी। इसका कारण प्रदेश में लागू कर्फ्यू के कारण प्रदूषण में कमी आने को भी माना जा रहा है। लाहुल-स्पीति जिला के बारालाचा व शिंकुला की पहाड़ियों पर बर्फ नजर आ रही है। किन्नौर जिले के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों पर भी हिमपात हुआ है।
जानें, प्रदेश में कहां कितना तापमान
स्थान, न्यनूतम, अधिकतम
शिमला,17.7,25.7
सुंदरनगर,21.9,33.7
भुंतर,19.0,34.4
कल्पा,12.8,26.0
धर्मशाला,20.2,30.8
ऊना,23.0,34.8
नाहन,25.1,29.1
केलंग,10.6,22.2
सोलन,20.5,31.0