ठगों के निशाने पर आए निगम के पार्षद
कोरोना संकट के दौरान अब नगर निगम के पार्षद भी ठगों के निशाने पर आ गए हैं।
जागरण संवाददाता, शिमला : कोरोना संकट के दौरान अब नगर निगम के पार्षद भी ठगों के निशाने पर आ गए हैं। निगम के पार्षदों को अज्ञात नंबरों से फोन आ रहे हैं और उनसे मास्क व सैनिटाइजर बांटने के लिए राशि उपलब्ध करवाने के लिए उनकी अकाउंट की डिटेल मांगी जा रही है। फोन करने वाला व्यक्ति पार्षदों को यह डिटेल भी नहीं दे रहा है कि किसने कितने पैसे देने हैं।
निगम की पार्षद सिमी नंदा से तो फोन पर बदसलूकी भी की गई। सिमी नंदा ने बालूगंज थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। इसके अलावा शैली शर्मा और पूर्व उप महापौर राकेश शर्मा को भी फोन आए हैं। पार्षदों द्वारा कुरियर से चेक भेजने की बात की गई तो ठग ने कुरियर सेवा बंद होने का हवाला दिया। नगर निगम के अकाउंट में पैसे डालने से भी ठग ने साफ मना कर दिया। ऑनलाइन पेमेंट के लिए निजी अकाउंट की डिटेल मांगी गई।
पूर्व महापौर राकेश शर्मा ने बताया कि फोन पर सैनिटाइजर और मास्क वितरण के लिए पैसे भेजने की बात ठगों द्वारा की जा रही थी। जिसके लिए निजी अकाउंट की डिटेल मांग रहे थे। नंबर शिमला का नहीं है कहीं बाहर का है। उन्होंने कहा कि पुलिस में शिकायत कर दी है।