मिशन रिपीट के लिए मोर्चो और प्रकोष्ठों ने बनाई रणनीति
2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा एक बूथ पर 2
जागरण संवाददाता, शिमला : 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा एक बूथ पर 20 युवाओं की नियुक्ति करेगा। इसी प्रकार किसान मोर्चा 15 किसान प्रहरी और महिला मोर्चा एक बूथ पर 20 बहनों को जोड़ने का कार्य करेगा। यह जानकारी भाजपा के सभी सात मोर्चो और 12 प्रकोष्ठ के अध्यक्षों की बैठक में दी गई। भाजपा के प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने सोमवार को वर्चुअल माध्यम से बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में अविनाश राय खन्ना ने कहा कि मिशन रिपीट 2022 की दृष्टि से मोर्चो एवं प्रकोष्ठों की अहम भूमिका रहने वाली है। बैठक में 2022 को लेकर रोडमैप भी तैयार किया गया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में भाजपा के सभी मोर्चो एवं प्रकोष्ठों का गठन बूथ स्तर पर किया जाएगा। खन्ना ने अभी तक किए कार्यो का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि कार्यकत्र्ता बूथ स्तर पर सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों से संपर्क करेंगे। बैठक में सामने आया कि प्रत्येक बूथ पर करीब 150 किसान किसान सम्मान निधि का लाभ उठा रहे हैं। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन एवं प्रदेश संगठन मंत्री पवन राणा भी उपस्थित रहे।
----------
भाजपा का नया राज्य कार्यालय जल्द बनेगा, भूमि तलाशने का काम शुरू
जागरण संवाददाता, शिमला : भाजपा का शिमला में नया प्रदेश कार्यालय जल्द बनेगा। इसके लिए भूमि चयन की प्रक्रिया तेज कर दी है। भाजपा की भवन निर्माण समिति की बैठक सोमवार को पीटररहॉफ शिमला में हुई। इसकी अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने की। समिति के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने बताया कि यह पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का सपना था कि हर जिले में भाजपा का अपना कार्यालय हो। इसी प्रक्रिया के अंतर्गत अभी तक हिमाचल प्रदेश में आठ जिला कार्यालय का शिलान्यास रख दिया गया है। इनमें से वर्तमान अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने छह कार्यालयों का शिलान्यास रखा है।
सत्ती ने बताया कि सभी जिला कार्यालयों के नक्शे बन चुके हैं। जल्द ही सभी कार्यालयों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। भवन निर्माण समिति बिलासपुर, सुंदरनगर, कुल्लू का निरीक्षण करने जा रही है। प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा, अंशुल बंसल, विनोद ठाकुर, अनिल सूद, संजय व राजीव बैठक में उपस्थित रहे।