शिमला में स्कूल खुलते ही लगा जाम
राजधानी शिमला में करीब दो माह बाद सोमवार को फिर से जाम की समस्या विकराल हो गई है।
जागरण संवाददाता, शिमला : राजधानी शिमला में करीब दो माह बाद सोमवार को स्कूल खुलने के साथ ही जाम लग गया। इससे शहरवासियों को परेशान होना पड़ा। सुबह आठ बजे से ही शहर में जाम लगना शुरू हो गया था। दोपहर 12 बजे तक शहर के अलग-अलग हिस्सों में जाम लगता रहा। संजौली से लेकर लक्कड़ बाजार तक लोगों को सबसे ज्यादा जाम में परेशान होना पड़ा। स्कूल वाहनों के एक साथ कार्ट रोड पर आने से वाहनों की कतारें लग गई।
खलीणी चौक और टॉलेंड में भी जाम ने परेशान किया, वहीं बालूगंज-विधानसभा सड़क पर भी सुबह नौ से 12 बजे तक वाहनों की कतारें लगी रहीं। प्रदेश विश्वविद्यालय जाने वाले छात्र बाईपास रोड और चक्कर के पास जाम में फंसे रहे।
एसपी ओमापति जम्वाल ने कहा कि जाम से निपटने के लिए पुलिस जवान तैनात किए गए थे। कुछ जगह दिक्कत आई थी, वहां अतिरिक्त जवान तैनात किए जाएंगे। प्रशासन के सभी इंतजाम रहे धरे
पुलिस प्रशासन द्वारा स्कूल खुलने पर जाम से निपटने के लिए विशेष इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस जवान ट्रैफिक ड्यूटी में लगाए गए थे, लेकिन वाहनों की संख्या बढ़ने से सभी इंतजाम धरे रह गए। इससे लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई। हालांकि शहर के सभी स्कूल अभी नहीं खुले हैं और शहर जाम हो गया है। पूरे स्कूल खुलने पर क्या स्थिति होगी, इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है। लक्कड़बाजार में जाम में फंसी एंबुलेंस
विक्ट्री टनल से संजौली मार्ग पर सुबह के समय लगे जाम में मरीज को ला रही एंबुलेंस भी फंस गई। पुलिस कर्मचारी जाम को खुलने में पसीना बहाते रहे, लेकिन जाम के आगे सभी प्रयास बेकार साबित हुए। काफी समय तक एंबुलेंस को जाम में फंसा रहना पड़ा। पुलिस ने टै्रफिक को वनवे किया, तब जाकर एंबुलेंस को निकाला जा सका।