विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के 20 युवा बनेंगे प्रकृति के प्रहरी, ईको टूरिज्म में भी रोजगार की राह

Published: Fri, 30 Oct 2026 05:29 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश में 20 युवाओं को नेचर कंजर्वेटर-कम-ईको टूरिज्म गाइड का विशेष प्रशिक्षण दिया गया है। यह प्रशिक्षण युवाओं को ...और पढ़ें

हिमाचल के 20 युवा बनेंगे प्रकृति के प्रहरी। फोटो जागरण

हिमाचल के 20 युवा बनेंगे प्रकृति के प्रहरी। फोटो जागरण

HighLights

  1. 20 युवाओं को ईको टूरिज्म गाइड का प्रशिक्षण मिला।

  2. प्रकृति संरक्षण और टिकाऊ पर्यटन पर केंद्रित कार्यक्रम।

  3. रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।

राज्य ब्यूरो, शिमला। हिमाचल प्रदेश की प्राकृतिक धरोहर को संजोने के साथ युवा अब ईको टूरिज्म के क्षेत्र में रोजगार और स्वरोजगार की राह भी तलाश सकेंगे। हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकॉस्टे) ने शोगी स्थित सीएसएलसी-विज्ञान संग्रहालय में 20 युवाओं को नेचर कंजर्वेटर-कम-ईको टूरिज्म गाइड का विशेष प्रशिक्षण दिया है। नौ सितंबर से 30 अक्टूबर तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुक्रवार को समापन हुआ।

केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय की ग्रीन स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम (जीएसडीपी) पहल के तहत आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के समापन समारोह की अध्यक्षता संयुक्त सदस्य सचिव डा.सुरेश अत्री ने की।

उन्होंने प्रशिक्षुओं से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल का उपयोग प्राकृतिक संसाधनों के जिम्मेदार प्रबंधन तथा टिकाऊ पर्यटन को बढ़ावा देने में करने का आह्वान किया। प्रशिक्षुओं को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार 

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को जैव विविधता के महत्व, वन्यजीव संरक्षण, प्राकृतिक संसाधनों के प्रबंधन और पर्यावरण के अनुकूल पर्यटन गतिविधियों की जानकारी दी गई। इसका उद्देश्य युवाओं को प्रकृति संरक्षण से जुड़े व्यावहारिक कौशल प्रदान कर रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना है।

हिमाचल प्रदेश में समृद्ध जैव विविधता, विविध प्राकृतिक परिदृश्य और पर्यटन की व्यापक संभावनाओं को देखते हुए यह प्रशिक्षण महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्रशिक्षित युवा जहां प्राकृतिक विरासत के संरक्षण में योगदान दे सकते हैं। 

वहीं, स्थानीय समुदायों के लिए आजीविका के नए अवसर विकसित करने में भी मददगार बन सकते हैं। इस अवसर पर एसटीओ उमेश पठानिया, वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. शशि धर, सूचना अधिकारी आ. ऋत्विक चौहान भी उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।