देश के विकास को नई दिशा देगा बजट
सिचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री महेन्द्र सिंह ठाकुर तथा कृषि मंत्री राम लाल मार्कंडेय ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा है कि डिजिटल इंडिया आर्थिकी के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंच रहा है।
राज्य ब्यूरो, शिमला : सिचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर और कृषि मंत्री रामलाल मार्कंडेय ने केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा है कि डिजिटल इंडिया आर्थिकी के प्रत्येक क्षेत्र तक पहुंच रहा है। केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, समर्पित उद्योग, भारतमाला व सागरमाला परियोजनाओं, जल मार्ग विकास और उड़ान योजनाओं के माध्यम से देश में विकास को गति दी है। सभी को सुरक्षित व पर्याप्त मात्रा में साफ पीने का पानी उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकता है। इस उद्देश्य की पूर्ति जल संसाधन नदी विकास एवं गंगा संरक्षण मंत्रालय और पेयजल एवं स्वच्छता मंत्रालय का समावेश कर जल शक्ति मंत्रालय का गठन जैसे प्रमुख प्रयासों से की जाएगी। यह बजट जनहित वाला है और देश के विकास को भरपूर गति देगा।
शनिवार को जारी प्रेस बयान में मंत्रियों ने कहा कि मंत्रालय जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक सभी ग्रामीण घरों तक शुद्ध जल पहुंचाएगा। केंद्र सरकार ने जल शक्ति अभियान के लिए 256 जिलों में 1592 संवेदनशील खंड चिह्नित किए हैं। सरकार पांच वर्ष में किसानों की आर्थिकी में सुधार के लिए 10 हजार नए किसान उत्पादक संगठन बनाने के प्रयास करेगी। ई-नैम के तहत किसानों को लाभ प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकारों के साथ काम किया जाएगा। किसानों के लिए भी ईज ऑफ डूइंग बिजनेस तथा ईज ऑफ लिविग दोनों को लागू किया जाएगा। स्टार्ट अप इंडिया के तहत हजारों की संख्या में महिला उद्यमी तथा अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति उद्यमी विकसित हो रहे हैं। पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने अनुसूचित जाति व जनजाति उद्यमियों को थोक में एलपीजी की ढुलाई की सुविधा प्रदान की है। मंत्रियों ने 50 करोड़ से ज्यादा के सालाना टर्नओवर वाले उद्योगों द्वारा अपने उपभोक्ताओं को कम कीमत वाले डिजिटल भुगतान की सुविधा प्रदान करने तथा उपभोक्ताओं एवं व्यापारियों पर बिना किसी शुल्क या मर्चेंट डिस्काउंट रेट लगाने के प्रस्ताव की भी प्रशंसा की है।