आय से अधिक संपत्ति के मामले वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी ने दायर की याचिका
Virbhadra Singh. आय से अधिक संपत्ति के मामले में हिमाचल के पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है।
नई दिल्ली, जागरण संवाददाता। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह ने निचली अदालत के फैसले के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। बुधवार को दायर याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई हो सकती है।
आय से अधिक संपत्ति के मामले में पटियाला हाउस की विशेष अदालत ने पिछले साल दस दिसंबर को वीरभद्र सिंह, उनकी पत्नी प्रतिभा सिंह व अन्य के खिलाफ आपराधिक कदाचार और आय के ज्ञात स्त्रोतों से अधिक 10 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्ति जमा करने के लिए आरोप तय करने का आदेश दिया था।
इस मामले में एलआइसी एजेंट आनंद चौहान, चुन्नी लाल चौहान, जोगिंदर सिंह घालता, प्रेम राज, वी चंद्रशेखर, एल कुमार रोच और राम प्रकाश भाटिया भी आरोपित हैं। केंद्रीय जांच एजेंसी (सीबीआइ) की ओर से दायर आरोप पत्र में कहा गया है कि केंद्रीय मंत्री रहते हुए वीरभद्र सिंह ने गैर कानूनी तरीके से 10 करोड़ की संपत्ति बनाई, जो कि उनकी आय से अधिक है। मामले को सुप्रीम कोर्ट ने छह अप्रैल, 2016 को हाई कोर्ट को स्थानांतरित कर दिया था और सीबीआइ को वीरभद्र सिंह व उनकी पत्नी को गिरफ्तार न करने का आदेश दिया था। सीबीआइ द्वारा दर्ज किए गए मुकदमे का संज्ञान लेते हुए ईडी ने भी मनी लांड्रिंग का एक मामला दर्ज किया था।
गौरतलब है कि वीरभद्र सिंह व उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ 2009 व 2011 के बीच आय से अधिक संपत्ति जुटाने के आरोप हैं। इस दौरान वीरभद्र सिंह यूपीए की केंद्र सरकार में केंद्रीय इस्पात मंत्री थे।