Himachal: महिला ने फेसबुक फ्रेंड के साथ मिल अगवा किए अपने ही बच्चे
Facebook Friend हिमाचल प्रदेश के मंडी में एक महिला ने फेसबुक फ्रेंड के साथ मिल कर अपने ही बच्चे अगवा कर लिए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जागरण संवाददाता, मंडी। Facebook Friend: हिमाचल में मंडी जिले के धर्मपुर हलके की तनेहड़ पंचायत में उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ के तीन लोगों ने दो बच्चों को उनकी मां के साथ मिलकर आधी रात को अगवा कर लिया। मां अपने दोनों बच्चों को प्रेम प्रसंग के चलते सात महीने पहले छोड़कर घर से चली गई थी। चारों आरोपित कार में तनेहड़ पहुंचे थे। महिला का पति अनिल कुमार कमरे में दोनों बच्चों के साथ सोया था। वह किसी शराब कारोबारी के यहां नौकरी करता है। देर रात करीब डेढ़ बजे महिला ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। अनिल कुमार ने जैसे ही दरवाजा खोला अंधेरे में छिपकर बैठे महिला के साथ आए तीनों लोगों ने उस पर हमला कर दिया। अनिल के चिल्लाने की आवाज सुनकर मां भी अपने कमरे से बाहर आ गई। आरोपितों ने उसकी पिटाई भी कर दी।
अनिल व उसकी मां की आंखों में मिर्च पाउडर फेंककर दोनों बच्चों को कमरे से उठाकर ले गए। ग्रामीणों को जब इस बात का पता चला तो वे भी इकट्ठे हो गए। उन्होंने बच्चों को अगवा करने की सूचना पुलिस थाना धर्मपुर और आसपास के गांवों को दी। पुलिस ने चारों ओर अपनी टीमें भेज संधोल पुलिस चौकी व पुलिस थाना सरकाघाट को अलर्ट कर दिया। ग्रामीणों ने भी जगह-जगह नाके लगा दिए। आरोपित बच्चों को लेकर धर्मपुर-मढ़ी मार्ग पर पहुंचे तो वहां पर पहले से नाका लगाकर बैठे ग्रामीणों ने उन्हें दबोच लिया। ग्रामीणों ने चारों की जमकर धुनाई की। थोड़ी देर में पुलिस की टीम भी पहुंच गई और आरोपितों को थाने ले गई।
बिलासपुर के टिक्करी की रहने वाली रजनी की शादी 2009 में अनिल के साथ हुई थी। वहीं, रजनी की तीनों आरोपितों से फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। इसके बाद वह सात महीने पहले घर से भागकर पुणे चली गई थी। वहीं, आरोपित विनीत कुमार अत्री मालव तहसील खैर का रहने वाला है। वह सेना में एएमसी में नर्सिंग सहायक के पद पर सेवारत है। दो अन्य आरोपित लोकेश कुमार व अंकित कुमार, खैर (अलीगढ़, उत्तर प्रदेश) के रहने वाले हैं। चारों पर अपहरण, मारपीट, घर में घुसने व साजिश रचने का केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।