वृंदावन से तीन लाख व गहने चुरा मंडी पहुंची बहनें
संवाद सहयोगी सुंदरनगर (मंडी) उपमंडल सुंदरनगर के धनेसरी गांव की दो बहनें उत्तरप्रदेश के
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी) : उपमंडल सुंदरनगर के धनेसरी गांव की दो बहनें उत्तरप्रदेश के वृंदावन से तीन लाख रुपये और गहने चोरी कर सुंदरनगर पहुंच गई। एक बहन ने वृंदावन में एक व्यक्ति से शादी की और तीन दिन वहां रहने के बाद नकदी और गहने चुराकर सुंदरनगर भाग आई। इस पर पीड़ित व्यक्ति सहित उत्तर प्रदेश पुलिस उप निरीक्षक रामभूल शर्मा की अगुवाई में दोनों बहनों को गिरफ्तार करने पहुंची लेकिन दोनों बहनों के होम क्वारंटाइन होने के कारण उनको साथ नहीं ले जा पाई।
सुंदरनगर निवासी दो बहनें तनीषा व कोमल वृंदावन के व्यक्ति के साथ ऑनलाइन चेटिग करती थी। इन्होंने व्यक्ति को प्यार के झांसे में फंसाकर शादी करने की बात कह दी। इस पर व्यक्ति ने शादी के लिए हां कर दी, लेकिन शर्त वृंदावन आने की रखी। इस पर दोनों बहनें वृंदावन के लिए रवाना हो गई। वहां पहुंचने के बाद तनीषा ने 15 जून को व्यक्ति से शादी रचा ली। केवल तीन दिन उसके साथ रहने के बाद दोनों बहनें 18 जून को उसके घर से तीन लाख रुपये व सोने-चांदी के आभूषण पर हाथ साफ कर सुंदरनगर स्थित अपने गांव पहुंच गई। इसके बाद पीड़ित व्यक्ति ने 19 जून को वृंदावन पुलिस में मामला दर्ज करवाया। मामला दर्ज होने के बाद वृंदावन पुलिस सोमवार को सुंदरनगर पहुंची। डीएसपी गुरबचन सिंह ने बताया कि धोखाधड़ी के मामले में वृंदावन से पुलिस टीम आई थी। लेकिन दोनों बहनों के होम क्वारंटाइन होने के कारण वह उन्हें अपने साथ नहीं ले जा पाए।