भाजपा नेता के बेटे की फैक्टरी में बेचा चोरी किया बिरोजा
मंडी जिले के मझवाड़ से चोरी हुआ वन निगम का बिरोजा सिरमौर जिले के एक भाजपा नेता के बेटे की फैक्ट्री में बिका था।
जागरण संवाददाता, मंडी : जिला मंडी के मझवाड़ से चोरी हुआ वन निगम का बिरोजा सिरमौर जिले के एक भाजपा नेता के बेटे की फैक्टरी में बिका था। भाजपा नेता प्रदेशस्तर का पदाधिकारी है और चेयरमैन पद की दौड़ में है। सूत्रों की माने तो प्रदेश के कई अन्य जिलों से चोरी हुआ बिरोजा भी भाजपा नेता के बेटे की फैक्टरी में ही बिका है। पुलिस जांच में यह बात सत्यापित हो गई है।
बेटे को बचाने के लिए नेता ने एक पुलिस अधिकारी पर कई दिन तक दवाब बनाया। तरह-तरह के प्रलोभन दिए गए, लेकिन पुलिस अधिकारी अपनी ईमानदारी पर अड़िग रहा। ऊंची राजनीतिक पहुंच के कारण भाजपा नेता ने पुलिस अधिकारी का तबादला करवा जांच से जरूर हटा दिया। इस खुलासे के बाद भाजपा बैकफुट पर आ गई है। पुलिस ने फैक्टरी मालिक यानी भाजपा नेता के बेटे को चोरी के बिरोजे की खेप सोमवार तक मंडी पहुंचाने की मोहलत दी थी व जांच में शामिल होने का नोटिस दिया था। लेकिन बुधवार तक न तो बिरोजा मंडी पहुंचाया गया और न ही फैक्टरी मालिक ने थाने में हाजिरी दी है।
बिरोजा चोर गिरोह प्रदेश के विभिन्न जिलों से वनों से एकत्रित बिरोजे को चुराकर सिरमौर की फैक्टरी में बेचता था।
-----
जोरों पर है बिरोजा निकालने का काम :
प्रदेश के जंगलों में चीड़ के पेड़ से बिरोजा निकालने का काम नंवबर तक चलता है। बिरोजा टीन में एकत्रित किया जाता है। इन दिनों एकत्रित बिरोजे के टीन को वन से सड़क पर पहुंचाने का काम युद्ध स्तर पर है। गिरोह के लोग सड़क किनारे रखे बिरोजे की खेप रातोरात चोरी कर सिरमौर की विभिन्न फैक्टरी में बेच कर चांदी कूट रहे हैं।
----
यह है मामला :
मझवाड़ से बिरोजे के 300 टीन कोटगढ़ के सुनील कुमार उर्फ शेरू गिरोह ने चुराए थे। बिरोजे की खेप भाजपा नेता के बेटे की फैक्टरी तक पहुंचाने के लिए कोटगढ़ का एक ट्रक इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। ट्रक चालक बबलू ट्रक मालिक को गुमराह कर उसमें चोरी के सामान की कई दिन तक ढुलाई करता रहा।
-----
आठ लोगों ने कबूला गुनाह :
पुलिस ने बिरोजा चोरी मामले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में मझवाड़ व कई अन्य स्थान से चोरी किए गए बिरोजे की खेप को सिरमौर के एक भाजपा नेता के बेटे की फैक्टरी में बेचने की बात कबूल कर ली है। इसके बाद अब वन निगम व पुलिस के उच्च अधिकारियों के जुबां तक ताले लग गए हैं। कोई भी इस मामले में कुछ बोलने को तैयार नहीं है।
----- मामले की जांच चल रही है। बिरोजा जिस फैक्टरी में बेचा गया था। उसका मालिक कौन है? पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
-गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक, मंडी।