पति से कहासुनी पर महिला ने खुद को लगाई आग, मौत
उपमंडल की गाहर पंचायत में पति से कहासुनी होने पर एक महिला ने केरोसिन छिड़क खुद को आग लगा ली।
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : उपमंडल की गाहर पंचायत में एक महिला ने केरोसिन छिड़क खुद को आग लगा ली। इससे वह 80 फीसद तक झुलस गई। मंगलवार देर शाम पीजीआइ चंडीगढ़ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सरकाघाट पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। महिला ने पुलिस को दिए बयान में दूध गर्म करते समय गैस चूल्हे से आग लगने की बात कही है। हालांकि जहां पर वाकया पेश आया है, वहां पर प्रारंभिक जांच में पुलिस को कोई गैस चूल्हा नहीं मिला है।
सूत्रों के अनुसार ज्योति शर्मा की सोमवार रात करीब 11 बजे अपने पति अशोक कुमार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। उसने आवेश में आकर कमरे में अपने शरीर पर केरोसिन छिड़क कर आग लगा ली। उसके चिल्लाने पर साथ लगते कमरे में सोए उसके सास-ससुर बेटे और बहू के कमरे में पहुंचे। तब तक ज्योति को आग ने पूरी तरह से चपेट में ले रखा था। उसका पति कंबल डालकर आग बुझाने की कोशिश कर रहा था। शोर सुनकर आसपास के घरों के लोग भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कपड़ों में लगी बुझाई, लेकिन तब तक ज्योति का शरीर पूरी तरह से जल चुका था। उसे निजी वाहन में नागरिक अस्पताल सरकाघाट पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे नेरचौक मेडिकल कॉलेज को रेफर कर दिया। ज्योति का शरीर 80 फीसद से अधिक झुलसने पर उसे नेरचौक से पीजीआइ चंडीगढ़ को रेफर कर दिया है, लेकिन वहां पर उसने दम तोड़ दिया। ज्योति का चार साल का लड़का और दो माह की बेटी है। उसका पति मजदूरी करता है। पुलिस के पास अभी मायके पक्ष के लोगों ने बयान दर्ज नहीं करवाए हैं। आग से झुलसी ज्योति की पीजीआइ चंडीगढ़ में मौत हो गई है। अपने बयान में ज्योति ने दूध गर्म करते समय आग लगने की बात कही है। हालांकि मौके पर गैस का कोई चूल्हा नहीं था। खुद आग लगने से 80 फीसद तक झुलसने की बात भी समझ से परे है। मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी