सरकाघाट में अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर, 42 अवैध निर्माण चिह्नित; हिमाचल हाई कोर्ट की सख्ती के बाद एक्शन
हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद सरकाघाट प्रशासन ने क्षेत्र में हुए 42 अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है।
-1789986502707_m.webp)
सरकाघाट में अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
हाई कोर्ट के आदेश पर सरकाघाट में कार्रवाई शुरू।
42 अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने की योजना बनी।
बिजली-पानी कनेक्शन काटे जाएंगे, कारण बताओ नोटिस जारी।
सहयोगी, सरकाघाट (मंडी)। हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट के कड़े रुख के बाद स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्र में हुए अनधिकृत निर्माण और अतिक्रमण के विरुद्ध शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। 16 सितंबर के अदालत के आदेशों की अनुपालना को लेकर एसडीएम सरकाघाट राजेंद्र गौतम की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों और नगर परिषद प्रतिनिधियों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में चिह्नित किए गए 42 अनधिकृत निर्माणों को ध्वस्त करने और नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने का प्लान तैयार किया गया।
कारण बताओ नोटिस जारी होंगे
एसडीएम ने सख्त निर्देश देते हुए नगर परिषद के कनिष्ठ अभियंता को दो दिनों के भीतर सभी 42 मामलों की स्थलवार सत्यापित सूची प्रस्तुत करने को कहा है। इसमें अवैध निर्माण की प्रकृति, संबंधित व्यक्ति का नाम और वर्तमान स्थिति का पूरा ब्योरा शामिल होगा। नगर एवं ग्राम योजना (टीसीपी) अधिनियम की धारा 39(6) के तहत दोषियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जाएंगे।
तीन दिन में कटेंगे बिजली और पानी कनेक्शन
अवैध निर्माण पर शिकंजा कसते हुए विद्युत विभाग को चिह्नित ढांचागत निर्माण की बिजली आपूर्ति काटने और मीटर नंबर व उपभोक्ता आईडी सहित तीन दिनों में अनुपालना रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसी तरह जलशक्ति विभाग को पेयजल कनेक्शन काटने और रोजाना की प्रगति रिपोर्ट एसडीएम कार्यालय में जमा कराने को कहा गया है।
राजस्व और पुलिस विभाग किए अलर्ट
कार्रवाई को सुचारू रूप से चलाने के लिए राजस्व विभाग और पुलिस को भी अलर्ट कर दिया गया है। तहसीलदार को राजस्व कर्मचारियों की सहायता उपलब्ध कराने और भूमि अभिलेखों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।
डीएसपी को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने का निर्देश
डीएसपी सरकाघाट को पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे। प्रशासन ने साफ किया है कि सरकारी काम में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में डीएसपी संजीव गौतम, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता लेखराज शर्मा, विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता राज कुमार गुप्ता और नगर परिषद अध्यक्ष पुष्पा देवी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें: 35 वर्ष बाद परिवार से मिली प्रमिला, मिशन अपनों तक के प्रयास ने हिमाचल से ओडिशा में ढूंढ निकाले अपने
