माता के भजनों पर झूमे श्रद्धालु
तुंगल घाटी के मंदिर मां नैना उग्रतारा नेत्र चांद वाली कठवाड़ में जाग (होम) का आयोजन किया गया।
संवाद सहयोगी, मंडी : तुंगल घाटी के मंदिर मां नैना उग्रतारा नेत्र चांद वाली कठवाड़ में जाग (होम) का आयोजन किया गया। हजारों लोगों ने उपस्थिति दर्ज करवाई। उत्सव में लता ठाकुर एंड पार्टी साइगलू ने ऐसा रंग जमाया कि पूरी रात श्रद्धालु माता के भजनों पर झूमने पर विवश हो गए। लता ठाकुर व सहयोगी कलाकारों ने खूब सजा मैया का दरबार, घने जंगला विच रहदीं माता मेरी, भक्तों की रक्षा करदी माता मेरी, भजन गए। मंदिर के प्रांगण में होम यज्ञ का आरंभ शनिवार रात 12 बजे शुरू हुआ। इस होम में देव सत बाला कामेश्वर बाड़ी गुमाणु, काली माता पुरानी मंडी और नैना उग्रतारा नेत्र चांद वाली ने हिस्सा लिया। तीनों देवताओं के गुर व छरनाटों ने देव खेल करते हुए अग्नि में प्रवेश किया तथा अपनी परीक्षा पास करके देववाणी भी की। देववाणी में बताया कि मां नैना उग्रतारा अपने क्षेत्र के लोगों की सुरक्षा का जिम्मा लेती है। क्षेत्र में किसी प्रकार का रोग और कोई भी अप्रिय घटना घटित नहीं होने देंगी। देववाणी के माध्यम से विश्वभर में चल रहे शीत युद्ध का जिक्र करते हुए बताया सभी देश शांति चाहते हैं मगर किसी के पास भी शांति नहीं है और एक देश दूसरे देश को समाप्त करने की रणनीति बना रहा है। आने वाले समय में अपने ही हाथों से मानव अपने प्राणों को गंवाएगा। भारत विश्व की प्रथम शक्ति के रूप में उभरकर सामने आएगा। होम यज्ञ उत्सव में विशाल भंडारे का आयोजन भी चलता रहा।