प्रदेश को नए शिखर पर पहुंचाएगी जयराम सरकार : रणधीर शर्मा
जागरण संवाददाता, मंडी : भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विकास की राह
जागरण संवाददाता, मंडी : भाजपा सरकार मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में विकास की राह पर चलते हुए प्रदेश को शिखर पर पहुंचाएगी। सरकार की जनहित की नीतियों को लेकर कार्यकर्ता जनता के बीच जाएंगे, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिल सके। मंडी में पत्रकारों से बातचीत में भाजपा के मुख्य वक्ता रणधीर शर्मा ने कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार के कुशासन, भ्रष्टाचार व माफिया राज के खिलाफ पिछले विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता ने भाजपा को स्पष्ट जनादेश देते हुए 44 सीटों पर विजयी बनाया। इस चुनाव में भाजपा को अब तक हुए विधानसभा चुनाव में सबसे अधिक 48.5 प्रतिशत वोट मिले, जो कार्यकर्ताओं की मेहनत, जनता के भरपूर समर्थन व केंद्रीय नेतृत्व के सक्रिय सहयोग का परिणाम है। प्रदेश में एक नए युग की शुरुआत हुई और प्रदेशवासियों में नई उम्मीदें जगी। इन्हें पूरा करने के लिए इस सरकार ने पहले ही दिन से जनहित और प्रदेशहित में काम करना प्रारंभ कर दिया। अब इस सरकार का 100 दिन का कार्यकाल पूरा हो चुका है। हालांकि किसी सरकार के कामकाज की समीक्षा करने के लिए यह समय बहुत कम है फिर भी वर्तमान सरकार ने राज्य के सर्वागीण विकास और जनता के वन में सुधार लाने की दृष्टि से ठोस शुरुआत करते हुए 100 दिन में 100 से अधिक महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिसके आधार पर भारतीय जनता पार्टी की यह प्रदेश कार्यसमिति 100 दिन के इस कार्यकाल को उपलब्धियों भरा स्वर्णिम कार्यकाल मानती है। बजट समाज के सभी वर्गो के हितों की रक्षा करने वाला व प्रदेश के चहुंमुखी विकास को सुनिश्चित करने वाला साबित होगा। भाजपा सरकार के 100 दिन सुशासन व सर्वागीण विकास की दिशा में नई सोच और नई पहल के साक्षी हैं। इस मौके पर भाजपा मीडिया प्रभारी प्रवीण शर्मा व वरिष्ठ नेता अजय राणा भी मौजूद थे।