Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

उरला व हराबाग में बाधित रहा पठानकोट-मंडी एनएच

जागरण टीम पद्धर/जोगेंद्रनगर पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को दो बार बाधित हुआ

By JagranEdited By: Updated: Thu, 27 Aug 2020 06:23 AM (IST)
Hero Image
उरला व हराबाग में बाधित रहा पठानकोट-मंडी एनएच

जागरण टीम, पद्धर/जोगेंद्रनगर : पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग बुधवार को दो बार बाधित हुआ। उरला के पास पेड़ गिरने से डेढ़ घंटा व हराबाग में भूस्खलन से आधा घंटा मार्ग बंद रहा। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

उरला कस्बे के समीप पहाड़ी से हो रहे भूमि कटाव के कारण चीड़ का पेड़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर गिर गया। सड़क बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। बैजनाथ से शिमला जाने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नॉन स्टॉप बस भी जाम में फंस गई। स्थानीय ग्रामीणों ने दराट व कुल्हाड़ी लाकर पेड़ को काटने की कोशिश की। लेकिन विशालकाय पेड़ होने के कारण प्रयास सिरे नहीं चढ़ पाए। बाद में किसी ग्रामीण की पावर चेन मशीन मंगा कर पेड़ के टुकडे़ किए। इसके बाद यातायात बहाल हो पाया। लोक निर्माण विभाग के कर्मचारी सड़क यातायात के लिए बहाल होने बाद घटनास्थल पर पहुंचे। 100 मीटर की दूरी पर वन विभाग का परिक्षेत्र कार्यालय होने बावजूद कोई वन कर्मचारी मौके पर नहीं आया।

घटासनी बरोट और कोटरोपी-चुक्कू-खजरी राजमार्ग में भी जगह जगह पर भूस्खलन की वजह से यातायात बाधित हो रहा है। एनएच उपमंडल गुम्मा के सहायक अभियंता नीरज शर्मा ने कहा कि ग्रामीणों ने सड़क पर गिरे पेड़ को काट कर हटाया। अन्य कई जगह पर आए मलबे को डोजर के माध्यम से साफ कर मार्ग को बहाल कर लिया है।

हराबाग के नजदीक बुधवार दोपहर बाद अचानक भूस्खलन होने से राष्ट्रीय राजमार्ग दोबारा बाधित हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग बाधित होने की सूचना मिलते ही लोक निर्माण विभाग की मशीनरी मौके पर पहुंची। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर वाहनों की एकतरफा आवाजाही शुरू हुई। मार्ग बंद होने के बाद शानन-हारगुनैण सपंर्क मार्ग से वाहनों की आवाजाही शुरू की, लेकिन यहां पर सड़क की चौड़ाई कम होने के कारण जाम लग गया। करीब एक घंटे तक सड़क के दोनों ओर कई वाहन फंसे रहे।