सरकाघाट में बनेगा मल्टीपर्पस कॉन्फ्रेंस हाल
संवाद सहयोगी सरकाघाट सरकाघाट में बुधवार को एसडीएम जफर इकबाल ने नगर परिषद के सभी
संवाद सहयोगी, सरकाघाट : सरकाघाट में बुधवार को एसडीएम जफर इकबाल ने नगर परिषद के सभी वार्ड सदस्यों से बैठक की। इसमें प्रत्येक वार्ड की लंबित समस्याओं की जानकारी हासिल की। एसडीएम ने नगर की सीवरेज समस्या बारे जल शक्ति विभाग के अधिकारियों से पूरी जानकारी और कमियों को दूर कर कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।
नगर में बिजली वोल्टेज समस्या का समाधान निकाला। नगर में एक अच्छा पुस्तकालय व मल्टी पर्पस कॉन्फ्रेंस हाल व एक सार्वजनिक शौचालय भी संयुक्त कार्यालय भवन में बनाया जाएगा।
शहर में दीवारों पर लाभकारी, मनोरम व आकर्षक संदेश देती पेंटिग बनाई जाएंगी। नगर परिषद में नालियों को ढका जाएगा। सफाई व्यवस्था दुरुस्त बनाई जाएगी, सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने, अतिक्रमण करने व सार्वजनिक स्थलों पर थूकने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि ओपन जिम शहर में स्थापित किया जाएगा। वहीं रेस्ट हाउस तक पक्का रास्ता बनाया जाएगा।
बैठक में अध्यक्ष संदीप वशिष्ठ, उपाध्यक्ष सरोज कुमारी, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता अशोक देव, कनिष्ठ अभियंता राजिदर उपस्थित रहे।