कौल सिंह सियासी स्नो हंटर : जवाहर ठाकुर
कई दिनों से प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर बयानबाजी करने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर पर विधायक जवाहर ठाकुर ने पलटवार किया।
जागरण संवाददाता, मंडी : कई दिनों से प्रदेश सरकार व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर बयानबाजी करने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता कौल सिंह ठाकुर पर द्रंग हलके के विधायक जवाहर ठाकुर ने पलटवार कर उन्हें सियासी स्नो हंटर बताया है।
उन्होंने वीरवार को मंडी में पत्रकारों से कहा कि हार के सदमे के बाद अब कौल सिंह खुद को दिखाने के लिए प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी कर रहे हैं, जो उन्हें शोभा नहीं देता है। कौल कभी भी किसी के नहीं हुए। उन्होंने हमेशा सबको अपने मतलब के लिए इस्तेमाल किया। उन्होंने भ्रष्टाचार के आरोपों पर कौल सिंह को खुले मंच पर बहस की चुनौती दी। कौल सिंह 1977 में क्या थे और उनके पास कितनी संपत्ति है इसका सारा हिसाब-किताब उनके पास है। मंडी शहर की उस इमारत के मालिक भी कौल हैं जिसकी छत पर खड़े होकर पूरे शहर को देखा जा सकता है। जयराम ठाकुर का मुख्यमंत्री बनना कौल सिंह को रास नहीं आ रहा है। 40 साल के राजनीतिक करियर में वह मुख्यमंत्री नहीं बन पाए और न ही मंडी से किसी को मुख्यमंत्री बनने दिया। पंडित सुखराम व वीरभद्र जैसे बड़े नेताओं की गोद में बैठकर उन्हीं की जड़ें काटने में लगे रहे।