विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंडी-पठानकोट फोरलेन: नारला से बिजणी के बीच मरम्मत कार्य शुरू, NHAI ने 19 KM हिस्से में 14 कैमरे लगाए

By Sakshi Thakur Edited By: Rajesh Sharma
Published: Tue, 27 Oct 2026 06:03 PM (IST)

मंडी-पठानकोट फोरलेन पर नारला-बिजणी सुपर हाईवे के विभिन्न हिस्सों में सड़क धंसने और मैगल पुल में मरम्मत कार्य जारी है, जिससे निर्माण गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

नारला से बिजणी के बीच चल रहा मरम्मत कार्य। जागरण

नारला से बिजणी के बीच चल रहा मरम्मत कार्य। जागरण

HighLights

  1. नारला-बिजणी सुपर हाईवे पर मरम्मत कार्य जारी।

  2. मैगल पुल सहित सड़क धंसने से गुणवत्ता पर सवाल।

  3. NHAI ने 19 किमी हिस्से में 14 कैमरे लगाए।

संवाद सहयोगी, पद्धर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में मंडी-पठानकोट फोरलेन पर नारला-बिजणी सुपर हाईवे पर सुगम और सुरक्षित सफर का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। मार्ग के अलग-अलग हिस्सों में सड़क धंसने और निर्माण संबंधी खामियां सामने आने के बाद मैगल पुल के मध्य हिस्से में भी मरम्मत शुरू की गई है। महेड के पास क्षतिग्रस्त सड़क को दुरुस्त करने का काम भी जारी है। इससे वाहन चालकों को फिलहाल निर्बाध आवाजाही नहीं मिल पा रही है।

नारला, साहल और द्रंग के बाद मैगल पुल में मरम्मत की स्थिति आने से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। गावर कंस्ट्रक्शन कंपनी पुल के मध्य हिस्से की मरम्मत कर रही है। 

निर्माण गुणवत्ता की जांच जरूरी

स्थानीय लोगों का कहना है कि जगह-जगह सड़क धंसने और पुलों में खामियां मिलने से निर्माण गुणवत्ता की जांच जरूरी हो गई है। उनका कहना है कि हाईवे बेहतर और सुरक्षित आवाजाही के लिए बनाया गया था, लेकिन बार-बार मरम्मत की जरूरत इस उद्देश्य पर सवाल खड़े करती है। 

14 कैमरे स्थापित किए

इस बीच भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने 19 किलोमीटर लंबे हिस्से में 14 कैमरे स्थापित किए हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि संबंधित विभाग और निर्माण कंपनी खामियों को गंभीरता से लेकर मरम्मत कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा करें।

बार-बार मरम्मत के बजाय स्थायी समाधान निकाला जाए, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित सफर मिल सके और भविष्य में ऐसी समस्याएं न हों।

यह भी पढ़ें: चंडीगढ़-बद्दी और बिलासपुर रेललाइन के लिए पैसा नहीं देगी हिमाचल सरकार, 4 वजह लिखकर केंद्र को भेजा पत्र