मंडी में 9 महीने लापता हो गए 396 लोग, 220 विवाहित महिलाएं शामिल; 100 पुरुष भी घर छोड़कर चले गए
मंडी पुलिस ने 396 लापता लोगों में से 367 को सफलतापूर्वक ढूंढ निकाला है, जिसमें 92.6% की प्रभावशाली रिकवरी दर दर्ज की गई है।

मंडी में नौ माह में 396 लोग लापता हो गए। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
मंडी पुलिस ने 367 लापता लोगों को घर वापस पहुंचाया।
कुल मामलों में 92.6% की शानदार रिकवरी दर रही।
69 लापता बालिकाओं को 100% सफलतापूर्वक ढूंढा गया।
जागरण संवाददाता, मंडी। किसी भी परिवार का सदस्य अगर लापता हो जाए तो पूरा परिवार बिखर जाता है। मंडी जिला में भी 396 परिवारों के सदस्य लापता हो गए। उनके इस बिखराव को मंडी पुलिस ने खुशी में बदला है। पुलिस ने तकनीकी सहायता और जमीनी स्तर पर काम कर 367 लापता लोगों को घर वापस पहुंचाया।
जिला से एक जनवरी से दो अक्टूबर 2026 तक 220 विवाहित महिलाएं, 100 पुरुष, 69 बालिकाएं और सात लड़के घरों से लापता हो गए। इनमें 203 महिलाओं, 69 बालिकाओं, 89 पुरुष और सात में से छह लड़कों को पुलिस ने ढूंढ निकाला। कुल दर्ज मामलों में 92.6 प्रतिशत का रिकवरी रिकॉर्ड पुलिस का रहा है।
45 वर्ष से नीचे की महिलाएं ज्यादा लापता
हैरानी की बात तो यह है कि लापता होने वालों में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक हैं। इनकी उम्र भी 45 वर्ष या इससे नीचे रहती है, जबकि 18 वर्ष से कम बालिकाओं का भी घरों को छोड़कर जाना सामाजिक ताने बाने पर सवाल उठा रहा है।
100 पुरुषों का गायब होना पारिवारिक बिखराव दर्शा रहा
100 पुरुषों का भी घर छोड़कर जाना पारिवारिक बिखराव को दर्शाता है। अधिकतर मामलों में कारण पारिवारिक परेशानी, मानसिक तनाव या घरेलू झगड़े या प्रेम प्रसंग रहता है।
वहीं दूसरी और 69 बालिकाओं के भागने के पीछे भी पढ़ाई का दबाव, परिवार में आपसी कहल सहित इंटरनेट मीडिया एक बड़ा कारण रहा है। इंटरनेट मीडिया के जरिए दूसरे लोगों के संपर्क में आने के बाद नाबालिग घरों से भाग गईं, जिनको पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद वापस लाया। अभी तक दर्ज मामलों में केवल 29 लोग ही शेष हैं।
मददगार बन काउंसिलिंग करके समझा रही पुलिस
लापता लोगों के तलाश करने के बाद पुलिस एक मददगार की तरह उनकी काउंसिलिंग भी करवाती है, ताकि उनकी मनोस्थिति का पता चल सके। साथ ही भागने के कारण सामने आने पर उन कारणों से कैसे निपटा जा सके इसके लिए भी मार्गदर्शन करती है।
बालिकाओं को तलाशने में 100 प्रतिशत रहा रिकॉर्ड
मंडी जिला से 10 महीने में 69 बालिकाएं लापता हुई थीं, जिनमें सभी को वापस उनके स्वजन के हवाले कर दिया गया। एक भी मामला लंबित न रहना इस बात की गवाही देता है कि मण्डी पुलिस बच्चों की सुरक्षा को लेकर कितनी संवेदनशील और गंभीर है।
यह है स्थिति
- पुरुष, कुल लापता 100, ढूंढे 89, लंबित 11
- महिला, कुल लापता 220, ढूंढी 69, लंबित 17
- बालक, कुल लापता, 07, ढूंढे 06, लंबित 1
- बालिकाएं, कुल लापता, 69, ढूंढे 69, लंबित 00
क्या कहते हैं पुलिस अधीक्षक
मंडी पुलिस महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा एवं जन-कल्याण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी गुमशुदगी की सूचना तुरंत निकटतम पुलिस स्टेशन या पुलिस हेल्पलाइन पर दें।
-विनोद कुमार, एसपी, मंडी।
यह भी पढ़ें: मंडी में मां ने 4 साल के बच्चे को जहर देकर खुद भी निगला, दोनों की हालत गंभीर; सिविल से जोनल अस्पताल रेफर
