विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिमला के बाद अब मंडी में पिकअप वाहन खाई में गिरा, 24 वर्षीय युवक की मौत; एक की हालत गंभीर

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 27 Jun 2026 11:24 AM (IST)Updated: Sat, 27 Jun 2026 11:30 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर एक पिकअप वाहन खाई में गिरने से 24 वर्षीय युवक की ...और पढ़ें

सुंदरनगर करसोग मार्ग पर जीप दुर्घटना का शिकार हुए युवक का फाइल फोटो

सुंदरनगर करसोग मार्ग पर जीप दुर्घटना का शिकार हुए युवक का फाइल फोटो

HighLights

  1. मंडी में सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर पिकअप खाई में गिरी।

  2. हादसे में 24 वर्षीय पुष्पराज की मौके पर मौत।

  3. घायल धर्मेंद्र का मेडिकल कॉलेज नेरचौक में उपचार जारी।

संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में शिमला के बाद अब मंडी में दर्दनाक हादसा हुआ है। शिमला में शुक्रवार शाम को एक पिकअप वाहन खाई में गिरने से छह लोगों की मौत हो गई थी। अब मंडी में भी पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। सुंदरनगर-करसोग मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक पिकअप गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई व उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।

घायल युवक को स्थानीय लोगों और 108 एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज नेरचौक पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सब्जी मंडी से लौट रहे थे युवक

जानकारी के अनुसार दोनों युवक पिकअप वाहन में सवार होकर सुंदरनगर से अपने गांव बेहली लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि दोनों गांव के किसानों की सब्जियां सुंदरनगर और निहरी की मंडियों तक पहुंचाने का कार्य करते थे और रोजमर्रा की तरह काम खत्म कर घर वापस लौट रहे थे।

औकल के पास हुआ हादसा

रात के समय जब उनकी पिकअप औकल के समीप पहुंची तो चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया। काफी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में चिकित्सकों ने 24 वर्षीय पुष्पराज पुत्र घनश्याम को मृत घोषित कर दिया, जबकि 23 वर्षीय धर्मेंद्र का उपचार मेडिकल कॉलेज नेरचौक में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार घायल युवक की स्थिति पहले से बेहतर है और फिलहाल वह खतरे से बाहर है।

बेहली गांव में शोक का माहौल

दुखद घटना से बेहली गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि दोनों युवक मेहनती थे और क्षेत्र के किसानों की सब्जियां मंडियों तक पहुंचाने का कार्य करते थे। पुष्पराज की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

कैसे हुआ हादसा

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में वाहन के अनियंत्रित होकर खाई में गिरने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा।

क्या कहते हैं डीएसपी

डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि दूसरा युवक घायल है पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: धर्मशाला में क्षतिग्रस्त सड़क से सीधे खाई में जा गिरी पंजाब नंबर की कार, युवक की मौत व युवती की हालत गंभीर