मंडी में बहन और भतीजे से जमीन विवाद में 75 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, परिवार का आरोप- पत्थर मारकर ले ली जान
मंडी में घास काटने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक बुजुर्ग की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवार ...और पढ़ें

मंडी के द्रंग क्षेत्र में शेर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
HighLights
मंडी में घास काटने को लेकर हुआ पारिवारिक विवाद।
सेवानिवृत्त बुजुर्ग शेर सिंह की संदिग्ध हालात में मौत।
परिवार ने भतीजे व अन्य पर पत्थरबाजी का आरोप लगाया।
जागरण टीम, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में परिवार में विवाद के बाद एक बुजुर्ग की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। द्रंग विधानसभा क्षेत्र की पंचायत टांडू के चौहट्टा गांव में यह मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि घास काटने को लेकर विवाद हो गया। परिवार का आरोप है कि निर्माण विभाग से सेवानिवृत्त शेर सिंह पर भतीजे व अन्य लोगों ने पत्थर बरसा दिए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल शरीर पर कोई चोट के निशान नजर नहीं आए हैं। पुलिस हृदयाघात होने की भी आशंका जता रही है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
बहन और भतीजे से जमीन विवाद
मृतक के परिजनों ने उसकी बहन, भतीजे और बहू पर पत्थर मारने के आरोप लगाए हैं। चौहट्टा निवासी 75 वर्षीय शेर सिंह पुत्र भगत राम का अपनी बहन और सगे भतीजे के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि इस विवाद को लेकर परिवार में आए दिन बहसबाजी और गाली-गलौज होती रहती थी। रविवार को भी जमीन को लेकर बहसबाजी हुई। इसके बाद शेर सिंह घर में अचेत अवस्था में मिले। परिजनों ने जब उन्हें देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी।
डीएसपी ने की जांच
डीएसपी पद्धर लोकेंद्र नेगी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ मृतक के शरीर की जांच की, लेकिन चोट के कोई निशान नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल मंडी भेज दिया, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके।
यह भी पढ़ें: ऊना अस्पताल में महिला की मौत पर फिर बवाल: लोगों ने चंडीगढ़-धर्मशाला हाईवे पर शव रखकर ट्रैफिक जाम किया
