विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

किसान के दो बेटों की एक साथ लगी सरकारी नौकरी, हिमाचल शिक्षा विभाग में शिक्षक हुए तैनात

By Mukesh Kumar Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sun, 25 Oct 2026 02:28 PM (IST)Updated: Sun, 25 Oct 2026 03:16 PM (IST)

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सोवली गांव के दो सगे भाइयों ने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद टीजीटी आर्ट्स पद पर सरकारी नौकरी हासिल की है।

मंडी के दो सगे भाई एक साथ शिक्षक लगे हैं।

मंडी के दो सगे भाई एक साथ शिक्षक लगे हैं।

HighLights

  1. मंडी के दो भाइयों को मिली टीजीटी आर्ट्स सरकारी नौकरी।

  2. किसान माता-पिता ने मजदूरी कर बच्चों को पढ़ाया।

  3. उनकी सफलता युवाओं के लिए बनी प्रेरणा का स्रोत।

संवाद सहयोगी, (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के किसान माता-पिता के दोनों बेटों की सरकारी नौकरी लगी है। उपमंडल की बागाचोगी उपतहसील के जैशला पंचायत स्थित सोवली गांव के दो सगे भाइयों का टीजीटी आर्ट्स पद पर चयन हुआ है। उनकी सफलता से परिवार और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। गांव निवासी डोले राम और लीलावती के बेटे गिरिराज और दुनी चंद सरकारी सेवा में चयनित हुए हैं।

माता-पिता ने मजदूरी कर पढ़ाए बेटे

दोनों भाइयों ने विपरीत परिस्थतियों के बीच पढ़ाई जारी रखी। परिवार की आजीविका के लिए उनके माता-पिता खेतों में मेहनत करते और मजदूरी कर बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाते थे। कुछ साल पहले पिता डोले राम का निधन हो गया, जिससे परिवार की आर्थिक मुश्किलें और बढ़ गईं।

पिता के निधन के बाद भी नहीं हारी हिम्मत

पिता की मृत्यु और कठिन पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद लीलावती और दोनों भाइयों ने हिम्मत नहीं हारी। भाइयों ने लगन से पढ़ाई जारी रखी और आखिरकार उनकी मेहनत सफल हुई। 

युवाओं के लिए प्रेरणा बनी सफलता

दोनों की उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है। सोवली और आसपास के इलाकों में उनकी सफलता की चर्चा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि विपरीत परिस्थितियों में भी लक्ष्य हासिल करने वाले ये भाई संघर्ष और दृढ़ संकल्प की मिसाल हैं। उनकी कामयाबी से अन्य युवाओं को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

यह भी पढ़ें: करवाचौथ से पहले पत्नी को पति का किडनी गिफ्ट, बचा ली जीवनसाथी की जान; हिमाचल के टांडा अस्पताल में ट्रांसप्लांट