मोबाइल बना मददगार, तेंदुए से दो-दो हाथ कर पेड़ पर चढ़ा युवक
मंडी में तेंदुए के साथ दो-दो हाथ कर युवक पेड़ पर चढ़ गया और मोबाइल फोन से घरवालों को घटना की जानकारी दे अपनी जान बचाई।
नेरचौक, जेएनएन। बल्ह घाटी की चलाह पंचायत के लोहारड गांव में मोबाइल फोन युवक के लिए मददगार बन गया। तेंदुए के साथ दो-दो हाथ करने के बाद युवक जान बचाने के लिए पेड़ पर चढ़ गया लेकिन तेंदुआ गुर्राते हुए पेड़ के नीचे युवक के उतरने का इंतजार करने लग गया। आफत में फंसे युवक ने मोबाइल फोन निकाल घरवालों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिवार के सदस्यों के साथ ग्रामीणों के पहुंचने पर तेंदुआ वहां से भाग गया। तब कहीं जाकर युवक ने राहत की सांस ली।
बल्ह घाटी की चलाह पंचायत के मझाड़ गांव के साथ सटे जंगल में युवक विशाल घास लाने के लिए जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में अचानक तेंदुए ने पहाड़ी पर से छलांग लगा दी। विशाल ने घबराने के बजाय हिम्मत का परिचय देते हुए तेंदुए को पलक झपकते रास्ते से नीचे फेंक दिया। इस जद्दोजहद में उसकी कमीज फट गई। वह जान बचाने के लिए साथ लगते पेड़ पर चढ़ गया। तेंदुआ पेड़ के नीचे बैठ कर गुर्राता रहा। विशाल ने शोर मचाने के साथ-साथ मोबाइल फोन से घरवालों से संपर्क साध कर मदद मांगी।
थोड़ी देरी के बाद परिवार के सदस्य अन्य ग्रामीणों के साथ जंगल में पहुंच गए। तब कहीं जा कर तेंदुआ वहां से भागा। वह तेंदुए के भागने के बाद भी कुछ देरी तक पेड़ से नीचे नहीं उतर पाया। बाद में परिवार के सदस्यों व ग्रामीण उसे नीचे उतार कर निजी अस्पताल में ले गए। पंचायत प्रधान घनश्याम गुलेरिया ने बताया कि रिहायशी इलाके के निकट तेंदुए के सक्रिय होने की सूचना वन विभाग को दी गई है। वन विभाग की टीम ने गांव में पहुंच कर पिंजरा लगाने का आश्वासन दिया है।
मझाड़ जंगल के निकट रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए के सक्रिय होने की सूचना मिली है। वन विभाग की टीम ने गांव का दौरा कर लोगों के साथ बैठक कर एहतियात बरतने को कहा है। तेंदुए को पकड़ने के लिए कारग कदम उठाए जाएंगे।
चिंता देवी, वन रक्षक।