विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर जरा संभलकर, हणोगी टनल के अंदर जा घुसा तेंदुआ; कार सवार ने बनाया वीडियो

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Wed, 07 Oct 2026 12:14 PM (IST)

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हणोगी टनल के अंदर मंगलवार रात एक तेंदुआ घुस गया, जिसका वीडियो एक कार चालक ने बनाया। वन विभाग मामले की जांच कर रहा है।

HighLights

  1. कीरतपुर-मनाली फोरलेन की हणोगी टनल में तेंदुआ घुस गया।

  2. एक कार चालक ने तेंदुए का वीडियो बनाया, जो वायरल हुआ।

  3. वन विभाग जांच कर रहा, वाहन चालकों में दहशत का माहौल।

विशाल वर्मा, पंडोह (मंडी)। कीतरपुर-मनाली फोरलेन पर जरा संभलकर सफर करें। मंडी जिला में हणोगी टनल के अंदर मंगलवार रात को एक तेंदुआ घुस गया। यहां से गुजर रहे एक कार चालक ने तेंदुए का वीडियो बनाया, जो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। वीडियो में कार चालक दिखा रहा है कि एक तेंदुआ टनल के अंदर है और वह कार को देखकर रेलिंग की तरफ छलांग लगाकर आगे चला जाता है। यह घटना मंगलवार रात करीब 11.30 की बताई जा रही है। 

वन विभाग की टीम कर रही जांच

घटना की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टनल के अंदर दिखाई दिया जानवर वास्तव में तेंदुआ ही है या कोई अन्य जंगली जीव।

आसपास है जंगल

बता दें कि इन टनल के पास जंगल का इलाका है, जहां अकसर इस तरह के जानवर रहते और देखे जाते हैं। अब टनल बन जाने के बाद जंगली जीव रात को अंदर पहुंच गया।

दहशत में लोग

अब इस तरह से तेंदुआ दिखने के बाद वाहन चालकों व अन्य लोगों में दहशत का माहौल है। खासतौर पर रात को गुजरने वाले दोपहिया वाहन सवार भयभीत हैं। उन्हें तेंदुए के हमले का डर सता रहा है।

यह भी पढ़ें: कांगड़ा में ट्रेनिंग पूरी कर छुट्टी आए फौजी की सड़क हादसे में मौत, 21 वर्षीय अमन माता-पिता का था इकलौता सहारा