पहाड़ी दरकने से 18 परिवारों पर मंडराया खतरा
संवाद सहयोगी जोगेंद्रनगर जोगेंद्रनगर उपमंडल की रोपा पद्धर पंचायत के मड़वाणा गांव में पहा
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : जोगेंद्रनगर उपमंडल की रोपा पद्धर पंचायत के मड़वाणा गांव में पहाड़ी दरकने से 18 परिवारों पर खतरा मंडरा गया है। यहां कई दिन से भूस्खलन हो रहा है। पहाड़ी में एक बड़ी दरार आ गई है। इससे 18 परिवारों के 100 लोग दहशत में हैं।
प्रशासन ने खतरे को भांपते हुए छह पशुशालाओं को खाली करवा दिया है। ग्रामीण राजस्व अधिकारियों ने मुहाल छांगण के मड़वाणा गांव दौरा कर रिपोर्ट उपमंडल प्रशासन को सौंप दी है। गांववासियों ने बताया कि भूस्खलन से बड़े-बड़े पत्थर घरों के आसपास गिरने शुरू हो गए हैं। पहाड़ी में पानी भरना भी शुरू हो चुका है। अगर समय रहते कोई एहतियातन कदम नहीं उठाए गए तो यहां कोटरोपी जैसा हादसा हो सकता है। छाणग में पहाड़ी दरकने से अगर ज्यादा मलबा नीचे आया तो पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग भी बाधित हो सकता है।
पंचायत के एक अंशकालीन वर्कर ने पहाड़ी दरकने की सूचना राजस्व विभाग को दी थी। राजस्व विभाग ने पहाड़ी की वीडियोग्राफी व फोटो कर जोगेंद्रनगर प्रशासन के उच्चाधिकारियों को प्रेषित किए हैं।
----------------
प्रशासन पहाड़ी दकरने के हालात पर नजर बनाए हुए है। लोगों को एहतियातन सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं।
-बचित्र सिंह ठाकुर, तहसीलदार जोगेंद्रनगर।
-------
राजस्व मुहाल छाणग के मड़वाण में पहाड़ी दरकने की सूचना राजस्व विभाग के क्षेत्रीय पटवारियों के माध्यम से मिली है। स्थानीय तहसीलदार इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं। एहतियातन छह पशुशालाओं को खाली करवा दिया गया है।
-अमित मेहरा, एसडीएम जोगेंद्रनगर।