जोगेंद्रनगर-सरकाघाट मार्ग भूस्खलन से पांच घंटे बंद
उपमंडल में भारी बारिश के कारण जोगेंद्रनगर-सरकाघाट मार्ग पर भू-स्खलन होने से करीब पांच घंटे तक हाइवे बंद रहा।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : उपमंडल में भारी बारिश के कारण जोगेंद्रनगर-सरकाघाट मार्ग पर भू-स्खलन होने से करीब पांच घंटे तक हाइवे बंद रहा। बड़ी चट्टानें सड़क पर गिरने से मार्ग बहाल करने में दिक्कत आई। सड़क के दोनों और वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। इस दौरान पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर भी करीब दो घंटे तक फंसे रहे।
मार्ग में चट्टानें गिरने के कारण जब मार्ग बंद हुआ तो काफी देकर तक विभाग की मशीनरी और कर्मचारियों के न पहुंचने के कारण वहां फंसे लोगों सहित पूर्व मंत्री गुलाब सिंह ठाकुर ने भी विभाग के खिलाफ विरोध दर्ज करवाया। उन्होंने लेटलतीफी को लेकर विभागीय अधिकारियों को दूरभाष पर लताड़ लगाई। इसके बाद जेसीबी मौके पर भेजी गई और करीब पांच घंटे के बाद हाईवे बहाल हुआ। बुधवार सुबह करीब छह बजे हाईवे पर भूस्खलन हुआ था और 11 बजे वाहनों की आवाजाही शुरू हुई।
उधर, बारिश के कारण बैजनाथ-उटपुर-सांढापतन हाइवे पर भी भू-स्खलन होने से वाहनों की रफ्तार थम गई। करीब तीन घंटे के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो पाई। उधर, गुलाब सिंह ठाकुर ने कहा कि बरसात में विभागीय अधिकारियों की अधूरी तैयारी राहगीरों और वाहन चालकों पर भारी पड़ रही है। वह इस मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे।
------
25 लाख के नुकसान का आकलन
लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बीएम ठाकुर ने बताया कि भू-स्खलन के कारण 25 लाख रुपये का नुकसान विभाग को हुआ है। दोनों सड़कों को जल्द बहाल करने के लिए मशीनरी का सहारा लिया गया।