1000 रुपये में मिनी क्रूज और स्पीड बोट की सैर, हिमाचल में कोलडैम के 35 KM एरिया में वाटर स्पोर्ट्स एडवेंचर शुरू
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू हो गई हैं। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया।

कोलडैम में वाटर स्पोटर्स एडवेंचर शुरू हो गया।
HighLights
कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स शुरू।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल शुभारंभ किया।
पर्यटन को बढ़ावा, स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
जागरण टीम, मंडी। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी में ऐहन स्थित कोल डैम जलाशय में एडवेंचर वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू हो गई हैं। टूरिस्ट यहां आकर एडवेंचर का लुत्फ ले सकेंगे। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को शिमला से वर्चुअल माध्यम से इसका शुभारंभ किया। ऐहन से तत्तापानी तक लगभग 35 किलोमीटर के जलाशय क्षेत्र में इन गतिविधियों के विस्तार से पर्यटकों को रोमांचक अनुभव प्राप्त होंगे।
ऐहन से तत्तापानी तक का अप डाउन सफर 1000 रुपये में होगा। प्रति व्यक्ति यह किराया तय किया गया है।
पर्यटकों के लिए स्पीड बोट, जेट स्की, बनाना बोट, बंपर राइड और 20 यात्रियों की क्षमता वाला मिनी क्रूज सहित विभिन्न आकर्षक गतिविधियां उपलब्ध होंगी। इससे पर्यटक जलाशय की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद लेने के साथ रोमांचक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे।
स्वरोजगार के अवसर बढ़ेंगे
इन गतिविधियों से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन गतिविधियां बढ़ाने पर जोर : सीएम
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है और वॉटर स्पोर्ट्स इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। पर्यटन क्षेत्र से लाखों परिवारों को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्राप्त होते हैं, वहीं इससे राज्य के राजस्व में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इससे पहले बिलासपुर में भी इस प्रकार की गतिविधियां शुरू कर चुकी है।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर शिमला में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया और महाधिवक्ता अनूप रतन उपस्थित थे। वहीं, जिला मंडी के ऐहन में जल प्रबंधन बोर्ड के उपाध्यक्ष शशि शर्मा, उपायुक्त अपूर्व देवगन और अन्य गण्यमान्य उपस्थित थे।
