कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर लिमिट से ज्यादा स्पीड बढ़ाई तो कटेगा गाड़ी का चालान, DSP ने दूर किया ड्राइवर्स का भ्रम
कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर गति सीमा को लेकर चालकों में भ्रम की स्थिति है। सुंदरनगर डीएसपी ने स्पष्ट किया है कि आधिकारिक गति सीमा 60 किमी प्रति घंटा ही है।

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर स्पीड लिमिट अभी 60 ही है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर 60 किमी/घंटा की गति सीमा लागू।
डीएसपी सुंदरनगर ने गति सीमा बढ़ने की अफवाहों को खारिज किया।
आधिकारिक अधिसूचना तक उल्लंघन पर चालान की कार्रवाई जारी रहेगी।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। कीरतपुर-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर तय लिमिट से ज्यादा स्पीड बढ़ाई तो चालान कटेगा। फोरलेन पर वाहनों की रफ्तार को लेकर प्रसार माध्यमों पर चल रही चर्चाओं से चालकों के बीच भ्रम की स्थिति बन गई है। इंटरनेट मीडिया पर वाहन की स्पीड लिमिट 20 किलोमीटर प्रति घंटा बढ़ाने की सूचना प्रसारित हो रही है, जबकि पुलिस प्रशासन के अनुसार पूर्व नियम ही प्रभावी हैं।
प्रसारित सूचना पर भरोसा कर कई लोग अधिक तेजी से वाहन चला रहे हैं। दूसरी ओर, पूर्व निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने पर पुलिस द्वारा नियमानुसार चालान किए जा रहे हैं, जिससे असमंजस और बढ़ गया है।
डीएसपी ने स्पष्ट की स्थिति
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि सीमा में वृद्धि को लेकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की ओर से पुलिस विभाग को कोई आधिकारिक लिखित अधिसूचना प्राप्त नहीं हुई है। उन्होंने आगाह किया कि ड्राइवर निर्धारित 60 किलोमीटर प्रति घंटा के नियम का ही पालन करें।
अधिसूचना तक नहीं बढ़ेगी स्पीड लिमिट
उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक परिवर्तन की आधिकारिक अधिसूचना जारी नहीं होती, तब तक यही नियम लागू रहेगा और अवहेलना करने वालों के विरुद्ध पूर्व की भांति चालान की कार्यवाही की जाएगी।
गडकरी ने कर दी है हां
दरअसल, गत दिनों हिमाचल प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री दिल्ली में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। उन्होंने मनाली हाईवे पर स्पीड लिमिट 80 करने की मांग की थी, जिस पर नितिन गडकरी ने हामी भर दी है। लेकिन अभी अधिसूचना जारी न होने के कारण असमंजस बन रहा है।
