विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कीरतपुर-मनाली हाईवे पर डडौर और नागचला में बनेंगे फ्लाईओवर कम अंडरपास, निर्माण की डेडलाइन तय

By Digital Desk Edited By: Rajesh Sharma
Published: Sat, 19 Sep 2026 12:21 PM (IST)

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हादसों को रोकने और यातायात सुचारू करने के लिए एनएचएआई ने डडौर और नागचला में फ्लाईओवर कम ...और पढ़ें

मनाली हाईवे पर डडौर और नागचला में फ्लाईओवर कम अंडरपास का निर्माण होगा। प्रतीकात्मक फोटो

मनाली हाईवे पर डडौर और नागचला में फ्लाईओवर कम अंडरपास का निर्माण होगा। प्रतीकात्मक फोटो

HighLights

  1. डडौर और नागचला में 27 करोड़ के फ्लाईओवर-अंडरपास को टेंडर जारी।

  2. हादसे रोकने और यातायात सुचारू करने को एनएचएआई का कदम।

  3. डेढ़ वर्ष में पूरा होगा निर्माण, ब्लैक स्पॉट पर मिलेगी राहत।

जागरण संवाददाता, मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर हादसों को रोकने व यातायात को सुचारू बनाने के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने बड़ा कदम उठाया है। झीड़ी के बाद अब डडौर और नागचला में फ्लाईओवर कम अंडरपास निर्माण का मार्ग प्रशस्त हो गया है। एनएचएआइ ने इन दोनों प्रोजेक्ट के लिए 27 करोड़ रुपये का टेंडर जारी कर दिया है। 

काम की डेडलाइन तय

दोनों स्थानों पर फ्लाईओवर का निर्माण कार्य एक ही निजी कंपनी करेगी। अनुबंध के अनुसार कंपनी को आगामी तीन माह में काम शुरू करना होगा और डेढ़ वर्ष में पूरा कर एनएचएआइ को सौंपना होगा।

बन चुके थे ब्लैक स्पॉट

डडौर, नागचला और झीड़ी फोरलेन पर ऐसे ब्लैक स्पाट बन चुके थे, जहां आए दिन सड़क हादसे हो रहे थे। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि यहां फ्लाईओवर बनाए जाएं। 

फोरलेन को ऊंचा कर बनेगा अंडरपास

डडौर में सबसे गंभीर समस्या थी। यहां नए डिजाइन के तहत फोरलेन के दोनों हिस्सों को फ्लाईओवर के जरिए उठाया जाएगा और नीचे से अंडरपास बनेगा। 

नागचला में केवल बिलासपुर से मंडी की तरफ आने वाली सिंगल लेन पर फ्लाईओवर कम अंडरपास बनेगा, जबकि दूसरी लेन यथावत रहेगी।

झीड़ी में हो रहा था विरोध

झीड़ी में 33 करोड़ रुपये से मंडी-कुल्लू लेन पर बन रहे फ्लाईओवर का स्थानीय लोग विरोध कर रहे थे। मामला हाई कोर्ट पहुंचने के बाद अब अदालत ने निर्माण कार्य जारी रखने के आदेश दे दिए हैं। इसके साथ ही झीड़ी में भी कार्य फिर से गति पकड़ चुका है।

एनएचएआइ के परियोजना निदेशक वरुण चारी ने इसकी पुष्टि की है।

यह भी पढ़ें: शिमला-मटौर फोरलेन: खास तकनीक से बन रहा रियुंद पुल दशकों तक रहेगा मजबूत, गड्ढे भी नहीं पड़ेंगे; घटेगी दूरी