विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 29, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

कीरतपुर मनाली फोरलेन का जल्द होगा पुनर्निर्माण, गडकरी को सौंपी ड्राफ्ट रिपोर्ट; कई चीजों का रखा जाएगा ध्यान

By Jagran NewsEdited By: Preeti Gupta
Published: Tue, 29 Aug 2023 01:38 PM (IST)

ब्यास नदी में नौ जुलाई को आई बाढ़ से पंडोह से मनाली तक कीरतपुर मनाली फोरलेन को हुए नुकसान की ...और पढ़ें

कीरतपुर मनाली फोरलेन का जल्द होगा पुनर्निर्माण
कीरतपुर मनाली फोरलेन का जल्द होगा पुनर्निर्माण

मंडी, जागरण संवाददाता। ब्यास नदी में नौ जुलाई को आई बाढ़ से पंडोह से मनाली तक कीरतपुर मनाली फोरलेन को हुए नुकसान की ड्राफ्ट रिपोर्ट चार सदस्यीय तकनीकी कमेटी ने केंद्रीय सड़क,परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को सौंप दी है। कमेटी ने बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए फोरलेन के पुनर्निर्माण को लेकर कई सुझाव दिए हैं। इसमें कई स्थानों पर फ्लाईओवर बनाने, मार्ग की ऊंचाई अधिक रखने और सुरक्षा की दृष्टि से नदी का तटीकरण शामिल है।

फोरलेन को हुए नुकसान की नहीं सौंपी रिपोर्ट

कुछ स्थानों पर डिजाइन में बदलाव करने की सिफारिश की गई है। बाढ़, भूस्खलन से फोरलेन को कितना नुकसान हुआ है। कमेटी ने अभी इसकी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय ने फोरलेन को बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने व पुनर्निर्माण को लेकर चार सदस्यीय तकनीकी कमेटी का गठन किया था।

तीन दिन तक नुकसान का किया आकलन

मंत्रालय के सेवानिवृत्त अतिरिक्त महानिदेशक आरके पांडे के नेतृत्व वाली इस कमेटी में आईआईटी मंडी व रूड़की के दो विशेषज्ञ व एक भूविज्ञानी शामिल थे। कमेटी के सदस्यों ने तीन दिन तक नुकसान का आकलन किया था। उधर, एनएचएआइ के अध्यक्ष संतोष कुमार यादव मंगलवार को हिमाचल के दो दिवसीय दौर पर पहुंच गए हैं। वह आज कीरतपुर मनाली फोरलेन को हुए नुकसान का जायजा ले रहे हैं। बुधवार को सोलन परवाणू फोरलेन को हुए नुकसान का जायजा लेंगे।

संतोष कुमार यादव मनाली में हुए नुकसान का करेंगे निरीक्षण

वह मंगलवार सुबह दिल्ली से एलांयस एयर की फ्लाइट से आठ बजे शिमला और वहां से मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, प्रधान सचिव लोक निर्माण विभाग भरत खेड़ा व एनएचएआइ के क्षेत्रीय अधिकारी शिमला अब्दुल बासित के साथ हेलीकाप्टर से पंडोह पहुंचे। पंडोह के बाद वह हेलीकाप्टर से मनाली रवाना होंगे। वहां नुकसान का आकलन करेंगे।

पंजाब के मुख्य सचिव के साथ करेंगे बैठक

शाम को हेलीकॉप्टर से शिमला वापस जाएंगे। वहां मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना व अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बुधवार को शिमला से सड़क मार्ग से चंडीगढ़ के लिए रवाना होंगे। वह चंडीगढ़ जाते समय सोलन कैथलीघाट व परवाणू सोलन फोरलेन का निरीक्षण करेंगे। शाम को पंजाब के मुख्य सचिव के साथ बैठक करेंगे।

हिमाचल के दो दिवसीय दौरे पर संतोष कुमार यादव

चार सदस्यीय तकनीकी टीम ने अपनी ड्राफ्ट रिपोर्ट सौंप दी है। इसमें क्षतिग्रस्त फोरलेन के पुनर्निर्माण को लेकर कई सुझाव दिए गए हैं। उनका अध्ययन किया जा रहा है। अध्यक्ष संतोष कुमार यादव मंगलवार से प्रदेश के दो दिवसीय दौर पर हिमाचल पहुंच गए हैं।