कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर बनेंगी 10 और टनल, NHAI विशेषज्ञों की टीम प्रस्तावित DPR की जांच करने पहुंची
कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत 10 नई सुरंगों का निर्माण होगा, जिसकी डीपीआर की जांच एनएचएआई विशेषज्ञों की टीम करेगी। यह टीम मंडी पहुंचकर परियोजना स्थलों का निरीक्षण करेगी।

कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर 10 और टनल का निर्माण किया जाएगा। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर 10 नई सुरंगें प्रस्तावित हैं।
एनएचएआई विशेषज्ञों की टीम डीपीआर की जांच करेगी।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा परियोजनाओं की समीक्षा करेंगे।
हंसराज सैनी, मंडी। कीरतपुर-मनाली फोरलेन परियोजना के तहत 10 और सुरंगों का निर्माण होगा। प्रस्तावित टनल की डीपीआर एनएचएआई के विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम जांचेगी। टीम की रिपोर्ट के बाद मुख्यालय से सुरंगों की डीपीआर पर अंतिम मुहर लगेगी। टीम में एनएचएआइ मुख्यालय के प्रमुख डीपीआर विशेषज्ञ संजय कुमार सिंह, सुरंग विशेषज्ञ अजित कुमार और भूविज्ञानी मनोज कुमार शामिल हैं। बुधवार को यह टीम मंडी पहुंच गई है।
नौ अक्टूबर तक टीम स्थानीय अधिकारियों और डीपीआर कंसलटेंट के प्रतिनिधियों के साथ परियोजना के विभिन्न हिस्सों का निरीक्षण कर सुरंगों के निर्माण, नदी के कटाव वाले हिस्सों की तकनीकी बारीकियों पर विस्तृत चर्चा करेगी।
कीरतपुर से नागचला के बीच 4 टनल बनेंगी
कीरतपुर-नागचला के बीच चार नई सुरंगें प्रस्तावित हैं। इस खंड में पहले चरण में दो लेन की पांच सुरंगों का निर्माण हुआ था। बिलासपुर के कैंचीमोड़ में दूसरी सुरंग का निर्माण हो चुका है।
चार और नौ मील में बनेंगी 4 टनल
मंडी के चार और नौ मील में चार सुरंगें प्रस्तावित हैं। दो सुरंगों की लंबाई दो-दो किलोमीटर और दो की 800-800 मीटर हैं। नौ मील में डबल पिलर पर फोरलेन वाला पुल बनेगा। पहले यहां एक पिलर पर फोरलेन पुल प्रस्तावित था। इसकी संभावना भी तलाशेगी।
पंडोह बाईपास
पंडोह बाईपास पर दो सुरंगें प्रस्तावित हैं। पंडोह बाईपास और सुरंगों के निर्माण से कीरतपुर से कुल्लू के डोहलू नाला तक मार्ग पूरी तरह से फोरलेन हो जाएगा। इससे न केवल यातायात सुगम होगा बल्कि सफर भी सुरक्षित बनेगा।
केंद्रीय मंत्री नड्डा करेंगे समीक्षा
सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत हिमाचल में चल रहे फोरलेन और अन्य मार्गों के निर्माण कार्यों की शुक्रवार को समीक्षा होगी। बिलासपुर में होने वाली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा करेंगे। उत्तरी जोन के एडीजी सुदीप चौधरी भी बैठक में उपस्थित रहेंगे।
10 अक्टूबर को वह चंडीगढ़ में आरओ चंडीगढ़ के अंतर्गत आने वाले विभिन्न राष्ट्रीय राजमार्ग प्रोजेक्ट की प्रगति की समीक्षा करेंगे। इस समीक्षा बैठक के बाद हिमाचल में चल रहे विभिन्न फोरलेन के निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।
