हिमाचल के करसोग में सड़क से 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी कार, पति-पत्नी दोनों की हालत गंभीर
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के करसोग में चारकुफरी के पास एक ऑल्टो कार 400 फीट गहरी खाई में गिर ...और पढ़ें

हिमाचल के करसोग में कार सड़क से 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
करसोग में ऑल्टो कार 400 फीट खाई में गिरी।
पति-पत्नी गंभीर घायल, शिमला रेफर किया गया।
एसडीएम ने घायलों को फौरी राहत राशि दी।
संवाद सहयोगी, करसोग (मंडी)। हिमाचल प्रदेश के जिला मंडी के उपमंडल करसोग के चारकुफरी क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जहां एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना चारकुफरी स्थित सब्जी मंडी के समीप हुई। आल्टो कार एचपी 62ए 0962 अचानक अनियंत्रित हो गई और लगभग 400 फीट गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पति-पत्नी हुए घायल
घायलों की पहचान 43 वर्षीय निका राम पुत्र नंदलाल निवासी गांव कुशाल, डाकघर बखरोट, तथा उनकी पत्नी 38 वर्षीय आशा देवी के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाए घायल
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और दोनों घायलों को खाई से बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल करसोग पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला रेफर कर दिया।
प्रशासन पहुंचा अस्पताल
प्रशासन भी घटना की सूचना मिलते ही सक्रिय हो गया। एसडीएम करसोग गौरव महाजन स्वयं अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने प्रशासन की ओर से दोनों घायलों को फौरी राहत के रूप में 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि भी प्रदान की।
हादसे की पुष्टि एसडीएम गौरव महाजन ने की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
