विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

हिमाचल के जोगेंद्रनगर में डायलिसिस सेंटर शुरू, 70 किडनी मरीजों को मिली बड़ी राहत

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:46 PM (GMT+05:30)

जोगेंद्रनगर में एक नया डायलिसिस सेंटर शुरू हुआ है, जिससे क्षेत्र के लगभग 70 किडनी मरीजों को अब पालमपुर या कांगड़ा तक लंबा सफर नहीं तय करना पड़ेगा।

जोगेंद्रनगर में शुरू हुआ डायलिसिस सेंटर।

जोगेंद्रनगर में शुरू हुआ डायलिसिस सेंटर।

HighLights

  1. जोगेंद्रनगर में नया डायलिसिस सेंटर हुआ शुरू।

  2. 70 किडनी मरीजों को घर के पास मिलेगा उपचार।

  3. गरीब मरीजों को मिलेगी विशेष छूट और निशुल्क सुविधा।

संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर। जोगेंद्रनगर क्षेत्र के किडनी रोग से पीड़ित मरीजों के लिए शुक्रवार को राहत भरी खबर आई है। अब डायलिसिस करवाने के लिए मरीजों को पालमपुर और कांगड़ा तक लंबा सफर तय नहीं करना पड़ेगा।

जोगेंद्रनगर में नए डायलिसिस सेंटर का शुभारंभ होने से क्षेत्र के करीब 70 मरीजों को घर के नजदीक ही उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी। सेंटर का शुभारंभ प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जीवन ठाकुर ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।

इस अवसर पर जीवन ठाकुर ने कहा कि जोगेंद्रनगर क्षेत्र में करीब 70 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें सप्ताह में तीन बार डायलिसिस करवाने के लिए दूसरे शहरों का रुख करना पड़ता है। किडनी मरीजों के लिए सप्ताह में तीन बार लंबा सफर तय करना शारीरिक और मानसिक रूप से काफी कठिन होता है।

डायलिसिस के बाद थकान की स्थिति में वापस घर पहुंचना भी उनके लिए बड़ी चुनौती रहता है। मरीजों की इसी परेशानी को देखते हुए उन्होंने सहयोगियों के साथ मिलकर जोगेंद्रनगर में इस सेंटर की शुरुआत की है।

उन्होंने बताया कि इस जनसेवा के कार्य में प्यारचंद, सुरिंदर, अर्जित और भगवानदास सहित कई लोगों ने सहयोग दिया है। सेंटर में गरीब और जरूरतमंद मरीजों को विशेष छूट प्रदान की जाएगी, जबकि आर्थिक रूप से बेहद कमजोर मरीजों को निशुल्क डायलिसिस सुविधा उपलब्ध करवाने का भी प्रयास रहेगा।

वहीं, हिमाचल में पिछले पांच वर्षों से सेवाएं दे रहे नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. कुलदीप ने कहा कि जोगेंद्रनगर के मरीजों को डायलिसिस के लिए दूरदराज के शहरों में जाना पड़ता था। सप्ताह में तीन बार लंबा सफर तय करना उनके लिए परेशानी का कारण बनता था। ऐसे में स्थानीय स्तर पर डायलिसिस सुविधा शुरू होना मरीजों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत साबित होगी।

फिलहाल सेंटर में दो डायलिसिस मशीनों के साथ सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। भविष्य में तीन और मशीनें स्थापित करने की योजना है। इसके बाद कुल पांच मशीनों के माध्यम से मरीजों को डायलिसिस की सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। सेंटर संचालक ने इस पुनीत कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों, प्रशासनिक अधिकारियों और नगर परिषद के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।