हिमाचल में नए जिलों के गठन पर जयराम ठाकुर का सरकार पर निशाना, काल्पनिक और अव्यवहारिक निर्णय के पीछे क्या मकसद?
जयराम ठाकुर ने सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर नए जिलों के गठन के समय और अधूरे वादों को लेकर तीखा ...और पढ़ें

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर। जागरण आर्काइव
HighLights
सुक्खू सरकार पर अधूरे वादों और नई घोषणाओं का आरोप।
जनगणना के बीच नए जिलों के गठन पर उठाए सवाल।
मुख्यमंत्री पर सरकारी हेलिकॉप्टर के दुरुपयोग का आरोप।
जागरण संवाददाता, मंडी। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुखविन्द्र सिंह सुक्खू सरकार और उनके कामकाज की शैली पर करारा जुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से जो गारंटियां और वादे किए थे, वे आज तक धरातल पर पूरे नहीं हो पाए हैं, लेकिन अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए अगले चुनाव से ठीक पहले ही अब नई-नई गारंटियों और घोषणाओं का ढोंग रचा जा रहा है।
उन्होंने नए जिलों के गठन के मुद्दे पर सरकार की मंशा पर कड़ा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि यदि प्रदेश सरकार को जनहित में वास्तव में नए प्रशासनिक जिलों का गठन करना ही था, तो यह कार्य अपने पांच साल के कार्यकाल की शुरुआत में ही कर देना चाहिए था। अब जबकि चुनावी वर्ष नजदीक आ चुका है, ऐसे में इस तरह के काल्पनिक और अव्यवहारिक निर्णय लेने के पीछे के असली मकसद को प्रदेश की जनता भली-भांति समझती है।
जनगणना की प्रक्रिया के बीच ऐसा निर्णय समझ से परे
जयराम ठाकुर ने प्रशासनिक और कानूनी पहलुओं का हवाला देते हुए स्पष्ट किया कि इस समय पूरे देश भर में जनगणना की महत्वपूर्ण प्रक्रिया चल रही है, जिसके चलते सभी प्रकार की प्रशासनिक और राजस्व सीमाओं को पूरी तरह से फ्रीज कर दिया गया है। ऐसी कानूनी स्थिति और संवैधानिक परिस्थितियों के बीच नए जिलों के पुनर्गठन या इसके लिए किसी आयोग के गठन का निर्णय लेना किसी भी दृष्टिकोण से समझ से परे है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक जिम्मेदार मुख्य विपक्षी दल होने के नाते इस पूरे विषय पर पार्टी संगठन के भीतर गहराई से चर्चा करेगी और उसके पश्चात ही आधिकारिक तौर पर अपनी आगामी राजनीतिक एवं प्रशासनिक प्रतिक्रिया जनता के समक्ष रखेगी।
सोना महापात्रा का तंज व्यवस्था परिवर्तन की खोल रहा पोल
मुख्यमंत्री सुक्खू की कार्यप्रणाली और प्रशासनिक क्षमता पर सवाल उठाते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि अब तो केवल प्रदेश की जनता ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय स्तर की जाने-माने चेहरे और बॉलीवुड की प्रमुख पार्श्व गायिका सोना महापात्रा जैसी हस्तियां भी कांग्रेस नेतृत्व और मुख्यमंत्री के कामकाज का आकलन कर उन्हें राज्य के असली विकास पर ध्यान केंद्रित करने की सीधी नसीहत दे रही हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सोना महापात्रा द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और हिमाचल की जमीनी स्थिति पर की गई टिप्पणी पूरी तरह से सत्य और जमीनी हकीकत को दर्शाती है।
जयराम ठाकुर ने अत्यंत चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले लगभग चार वर्षों के शासनकाल में कांग्रेस सरकार ने इस खूबसूरत और शांत देवभूमि हिमाचल प्रदेश की जो दुर्दशा की है, वह बेहद दुखद और चिंताजनक है। आज देश-विदेश से हिमाचल की वादियों में घूमने आने वाले पर्यटक भी यहां फैली अव्यवस्था को देखकर हैरान और चिंतित हैं। राज्य में चारों तरफ कूड़े के विशाल ढेर लगे हुए हैं और वेस्ट मैनेजमेंट तथा कचरा निष्पादन का कोई भी प्रभावी सिस्टम धरातल पर नजर नहीं आ रहा है।
सरकारी हेलिकॉप्टर का हो रहा दुरुपयोग
मुख्यमंत्री की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर तीखा हमला बोलते हुए जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुक्खू का पूरा ध्यान प्रदेश के विकास, सुशासन और जनसमस्याओं के समाधान पर न होकर केवल अपनी डगमगाती कुर्सी बचाने और नई दिल्ली में गांधी परिवार की परिक्रमा करने तक ही सीमित होकर रह गया है। वे हर दूसरे दिन अपनी कुर्सी सुरक्षित रखने के लिए दिल्ली दरबार के चक्कर काट रहे हैं और इसके लिए सरकारी हेलिकॉप्टर का उपयोग किसी साइकिल की भांति बेधड़क कर रहे हैं।
