जोगेंद्रनगर में अंतर कॉलेज खो-खो प्रतियोगिता शुरू
जोगेंद्रनगर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से अंतर महाविद्यालय महिला व पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता शुरू हुई।
संवाद सहयोगी, जोगेंद्रनगर : जोगेंद्रनगर में हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से अंतर महाविद्यालय महिला व पुरुष वर्ग की खो-खो प्रतियोगिता शुरू हुई। इसका शुभारंभ स्थानीय विधायक प्रकाश राणा ने किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खो-खो जैसे हमारे पारंपरिक खेल को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिली है तथा इस खेल में भी आगे बढ़ने की संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ अच्छे खेल का प्रदर्शन करने का आह्वान किया। साथ ही युवाओं को नशे की बुराई से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिता में 29 महाविद्यालयों के लगभग साढ़े तीन सौ खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता का पहला मैच राजकीय महाविद्यालय बैजनाथ व जोगेंद्रनगर के मध्य खेला गया। जोगेंद्रनगर कॉलेज के प्राचार्य डॉ. हरीश अवस्थी ने प्रतियोगिता के आयोजन बारे विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर जिला पार्षद नीलम कुमारी, संजीव शर्मा, खेल आयोजन सचिव डॉ. रविन्द्र कुमार, विभिन्न पंचायतीराज संस्थाओं के प्रतिनिधि, अजय बावा, पीटीए अध्यक्ष सुभाष राणा आदि मौजूद रहे।