विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बीच रास्ते में ही हांफ रहीं हिमाचल रोडवेज की बसें, सुंदरनगर के कई इलाकों से आई शिकायतें; यात्री हो रहे परेशान

Published: Fri, 20 Nov 2026 03:40 PM (IST)

सुंदरनगर उपमंडल में एचआरटीसी की बसें खस्ताहाल होने के कारण हर तीसरे दिन खराब हो रही हैं, जिससे नालनी, मलोह और भनवाड़ जैसे दुर्गम क्षेत्रों के ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी हो रही है।

हर तीसरे दिन रास्ते में खराब हो रहीं एचआरटीसी बसें, ग्रामीण परेशान। फाइल फोटो

हर तीसरे दिन रास्ते में खराब हो रहीं एचआरटीसी बसें, ग्रामीण परेशान। फाइल फोटो

HighLights

  1. सुंदरनगर में एचआरटीसी बसें हर तीसरे दिन खराब हो रही हैं।

  2. नालनी, मलोह, भनवाड़ के ग्रामीणों को आवाजाही में भारी परेशानी।

  3. जिला परिषद अध्यक्ष ने खस्ताहाल बसों को बदलने की मांग की।

संवाद सहयोगी, सुंदरनगर। उपमंडल से नालनी, मलोह और भनवाड़ क्षेत्रों के लिए चलने वाली हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की खस्ताहालत ग्रामीणों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। इन रूटों पर बसें हर तीसरे दिन रास्ते में खराब हो रही हैं।

इससे दुर्गम क्षेत्रों के लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। भनवाड़ निवासी मंडी जिला परिषद अध्यक्ष और खिलड़ा वार्ड के सदस्य अमरू राम ने निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी जताई है।

उन्होंने कहा कि नालनी, भनवाड़, मलोह और आसपास के क्षेत्रों में भेजी जाने वाली बसें लंबे समय से खराब हालत में हैं। इनके रास्ते में खराब होने से यात्रियों को बीच सफर में परेशानी झेलनी पड़ती है।

बुधवार को नालनी रूट पर जाने वाली बस ,बस अड्डा परिसर में ही खराब हो गई और रूट पर नहीं जा सकी। दुर्गम क्षेत्र के ग्रामीणों की आवाजाही बस सेवा पर निर्भर है। बसों के बार-बार खराब होने से विद्यार्थियों, कर्मचारियों और जरूरी काम से सफर करने वाले लोगों को सबसे अधिक परेशानी होती है।

उन्होंने एचआरटीसी सुंदरनगर प्रबंधन से नालनी, भनवाड़, मलोह और भरवाड़ रूट पर खस्ताहाल बसों के स्थान पर नई और दुरुस्त बसें भेजने की मांग की। उन्होंने कहा कि यात्रियों की जरूरत और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जल्द उचित कदम उठाए जाएं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।