'स्कूल प्रवक्ता पदोन्नति सूची शीघ्र जारी करे हिमाचल सरकार', संघ ने शिक्षा मंत्री को सौंपा 10 सूत्रीय मांगपत्र
हिमाचल विद्यालय प्रवक्ता संघ ने शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से मुलाकात कर 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा। संघ ने प्रधानाचार्य पदों ...और पढ़ें

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर को मांगपत्र सौंपते प्रवक्ता संघ के पदाधिकारी। जागरण
HighLights
प्रवक्ता संघ ने शिक्षा मंत्री को 10 सूत्रीय मांगपत्र सौंपा।
प्रधानाचार्य के रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग की।
प्रवक्ताओं का प्रारंभिक वेतन 43 से 47 हजार करने की मांग।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश विद्यालय प्रवक्ता संघ के एक प्रतिनिधिमंडल ने राज्य अध्यक्ष अजय नेगी के नेतृत्व में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर से भेंट की। इस दौरान संघ ने शिक्षा मंत्री को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपकर प्रवक्ताओं और विद्यालयों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान का आग्रह किया। संघ के राज्य महासचिव इंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि प्रदेश के अनेक विद्यालय वर्तमान में प्रधानाचार्य के बिना संचालित हो रहे हैं।
प्रधानाचार्य के पद रिक्त होने के कारण विद्यालयों का प्रशासनिक एवं शैक्षणिक कार्य बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसलिए संघ ने सरकार से प्रधानाचार्य पदोन्नति सूची अविलंब जारी कर रिक्त पदों को भरने की मांग की है।
आरंभिक 47 हजार रुपये वेतन की मांग
संघ ने प्रवक्ताओं का पदोन्नति कोटा बढ़ाने, पदनाम के आगे से स्कूल न्यू शब्द हटाने तथा आरंभिक वेतन 43 हजार रुपये से बढ़ाकर 47 हजार रुपये करने की मांग प्रमुखता से रखी।
पदोन्नति मांगी
साथ ही एमफिल व पीएचडी उपाधि धारक प्रवक्ताओं को पदोन्नत कर महाविद्यालय प्रवक्ता बनाने, न्यायालय के निर्णय को शीघ्र लागू करने और विद्यालयों में कंप्यूटर विषय पढ़ने वाले विद्यार्थियों का शुल्क माफ करने की भी मांग उठाई गई।
शिक्षा मंत्री ने दिया आश्वासन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में संघ के वाइस चेयरमैन राकेश भारद्वाज, वित्त सचिव सुरजीत सिसोदिया, जिला शिमला प्रवक्ता संघ अध्यक्ष देवेंद्र लक्टू, मुख्यालय सचिव मनोज चंदेल, संविधान कमेटी के चेयरमैन एलडी वर्मा मौजूद रहे।