पंडोह से कांढापतन तक ब्यास किनारे मकान खाली करने के निर्देश
पंडोह से कांढापतन तक ब्यास किनारे मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं।
जागरण संवाददाता, मंडी : ब्यास के रौद्र रूप व मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए मंडी जिला प्रशासन ने पंडोह से कांढापतन तक नदी किनारे रहने वाले लोगों को मकान खाली करने के निर्देश दिए हैं। ब्यास नदी का पानी मंडी शहर के हनुमानघाट तक पहुंचने पर प्रशासन ने यहां पार्किंग स्थल खाली करवा दिया है। ब्यास पंचवक्तर मंदिर के ठीक सामने स्थापित शिव¨लग को छूने को आतुर है।
उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर ने सोमवार को पुलिस अधीक्षक गुरदेव शर्मा के साथ पंडोह से मंडी तक स्थिति का जायजा लिया। सदर हलके के पंडोह से धर्मपुर के कांढापतन तक ब्यास नदी के तट पर सैकड़ों मकान हैं।
पंडोह बांध से 80,000 से 90,000 क्यूसेक तक पानी छोड़ा जा रहा है। बीबीएमबी द्वारा बांध की फ्ल¨शग करने से जलस्तर में और इजाफा हुआ है। हनुमानघाट पूरी तरह से पानी में डूबा हुआ है। यहां सिर्फ हुनमान का मुंह ही नजर आ रहा है। प्रशासन ने लोगों से रात के समय सुरक्षित ठिकानों पर जाने का आग्रह किया है।
पुलिस के जवान खतरे वाले संभावित स्थानों पर जाकर लोगों को आगाह कर रहे हैं। पंडोह से कांढापतन तक पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। वाहनों पर लाउड स्पीकर लगा मुनादी करवाई गई। कुल्लू-मनाली में हुए हादसों को देखते हुए प्रशासन यहां कोई जोखिम उठाने को तैयार नहीं है। लोगों से नदी किनारे न जाने की अपील की गई है।
-------
जलसंकट गहराया :
ब्यास किनारे कई पेयजल योजनाएं सैलाब में डूब गई हैं। मंडी शहर सहित कई अन्य कस्बों में पेयजल संकट गहरा गया है। कई योजनाओं के क्षतिग्रस्त हो जाने से लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
-----
पुल के ऊपर से बही ब्यास :
औट कस्बे में आधी रात को ब्यास का पानी कई घरों में घुस गया। प्रशासन ने यहां कई मकानों को खाली करवाकर लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाया है। यहां औट-बंजार मार्ग पर बने लोहे के पुल से ऊपर बही। लोगों में दहशत का माहौल है।
---- ब्यास के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पंडोह से कांढापतन तक निचले क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने के निर्देश दिए हैं। हनुमानघाट में पार्किंग स्थल खाली करवाया गया है। प्रशासन स्थिति पर पूरी नजर रखे हुए हैं।
-ऋग्वेद ठाकुर, उपायुक्त, मंडी।