छोटी काशी में जमकर उड़ा गुलाल
आपसी भाई-चारे एवं बुराई पर अच्छाई का प्रतीक रंगों का त्योहार होली मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया। बुधवार को मंडी की गलियों में अबीर गुलाल जमकर उड़ाया गया।
जागरण संवाददाता, मंडी : आपसी भाईचारे व बुराई पर अच्छाई का प्रतीक रंगों का त्योहार होली मंडी में हर्षोल्लास से मनाया गया। बुधवार को मंडी की गलियों में अबीर गुलाल जमकर उड़ाया गया। होली के मतवाले सुबह से ही सड़कों पर आकर एक दूसरे पर रंग डालकर पर्व की बधाई दे रहे थे। ऐतिहासिक सेरी चानणी में हजारों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। डीजे की धुन पर नाचते हुए युवाओं ने खूब धमाल मचाया। होली के इस उल्लास में महिलाएं भी पीछे नहीं थी। वे रंगों के इस उत्सव में पूरी तरह से रंगी हुई थी। सेरी पैवेलियन की सीढि़यों पर युवतियों ने कब्जा करके डीजे की धुन पर खूब धमाल मचाया। मंडी शहर की होली में युवाओं ने हिदी गानों और पहाड़ी नाटियों पर झूमने का खूब मजा लिया। लोगों ने एक दूसरे पर अबीर गुलाल भी छिड़का और डीजे की धुन पर जमकर नाचे। महिलाओं की टोलियां भी बाजार में अपने जान पहचान वालों पर रंग लगाती हुई देखी गई।
मूकदर्शक बने रहे पुलिसकर्मी
सेरी मंच पर जश्न के बाद युवाओं के दो गुट गांधी चौक पर आपस में भिड़ गए। दोनों तरफ से एक-दूसरे पर तेज हथियार से हमला किया गया। इससे एक युवक बुरी तरह से लहूलुहान हो गया। गांधी चौक से चंद कदमों की दूरी पर शहरी पुलिस चौकी है। सैकड़ों की तादाद में युवा जब आपस में उलझ रहे थे तो साथ ही आठ से दस पुलिसकर्मी भी खड़े थे। लोग पुलिस कर्मियों से हस्तक्षेप करने व विवाद को रोकने की गुहार लगाते रहे, लेकिन उनका जवाब यह था कि अभी ज्यादा कुछ नहीं हुआ है। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने चौकी का रूख कर लिया। कुछ स्थानीय लोगों के बीचबचाव करने से युवक वहां से रफा-दफा हुए।
जोश में आकर फाड़े अपने कपड़े
जोश में आकर मतवालों ने अपने कपड़े तक फाड़ डाले। आयोजक बार-बार मंच से कपड़े न फाड़ने की अपील करते रहे। लेकिन मतवालों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। कपड़े फाड़कर युवक हवा में उछालते रहे। इससे सेरी मंच पर की सड़क पर कपड़ों का ढेर लग गया।