हिमाचल प्रदेश में दौड़ेगी पहली बागवानी मोनो रेल, 300 मीटर ट्रैक का काम पूरा; पहले चरण में एक KM होगा तैयार
हिमाचल प्रदेश में एचपी शिवा परियोजना के तहत राज्य की पहली बागवानी मोनो रेल परियोजना शुरू हो गई है। एडीबी ...और पढ़ें

मंडी के सुंदरनगर में मोनाे रेल के लिए बनाया जा रहे ट्रैक का निरीक्षण करते अधिकारी।
HighLights
सुंदरनगर में हिमाचल की पहली बागवानी मोनो रेल परियोजना शुरू।
एचपी शिवा परियोजना और एडीबी के सहयोग से यह पायलट प्रोजेक्ट।
300 मीटर ट्रैक का सफल परीक्षण, फल ढुलाई में मिलेगी मदद।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। बागवानी क्षेत्र में परिवहन व्यवस्था को आधुनिक बनाने की दिशा में सुंदरनगर के पलौहटा-2 क्लस्टर में प्रदेश की पहली बागवानी मोनो रेल परियोजना आरंभ होगी। एचपी शिवा परियोजना के तहत एशियाई विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से इस पायलट प्रोजेक्ट को धरातल पर उतारा जा रहा है। क्लस्टर कमेटी और बागवानी विभाग की टीम ने मोनो रेल के करीब 300 मीटर ट्रैक का निर्माण पूरा कर इसका सफल परीक्षण भी कर लिया है।
एक किमी मोनो रेल ट्रैक
शनिवार को बागवानी विभाग सुंदरनगर की टीम ने उद्यान विकास अधिकारी अनुपमा मेहरा की अगुआई में मौके का निरीक्षण किया। परियोजना के पहले चरण में करीब एक किलोमीटर लंबा मोनो रेल ट्रैक तैयार किया जा रहा है।
आईआईटी टीम व एचपी शिवा परियोजना ने किया सर्वे
इससे बागवानों को कृषि आदानों के साथ-साथ बगीचों से तैयार फलों की ढुलाई में सुविधा मिलेगी। एचपी शिवा परियोजना और आइआइटी मंडी की टीम द्वारा किए गए तकनीकी सर्वे के बाद परियोजना का काम शुरू हुआ है। एडीबी की टीम ने भी पलौहटा क्लस्टर का दौरा कर परियोजना की संभावनाओं का आकलन किया था।
21.5 हेक्टेयर में फैला क्लस्टर
पलौहटा-2 क्लस्टर करीब 21.5 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है। यदि यहां मोनो रेल का प्रयोग सफल रहता है, तो प्रदेश में सरकारी स्तर पर स्थापित होने वाली यह पहली बागवानी मोनो रेल परियोजना होगी।
फसल बाजार में पहुंचाने में होगी आसानी
बागवानी क्षेत्रों में परिवहन सुविधा की कमी के कारण कई बार किसानों और बागवानों को फसल बाजार तक पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में मोनो रेल को फलों और अन्य बागवानी सामग्री की ढुलाई के लिए सुविधाजनक विकल्प के रूप में देखा जा रहा है। परियोजना को लेकर स्थानीय बागवानों में भी उत्साह है।
बागवानों को मिलेगी ढुलाई की सुविधा मोनो रेल का काम शुरू हो चुका है। जल्द ही यह बगीचों से फलों की ढुलाई और बागवानों की अन्य जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएगी। इस परियोजना को प्रदेश के बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्राथमिकता में रखा है।
-मुनीश शर्मा, अध्यक्ष, फल उत्पादक एवं विपणन संघ, पलौहटा-2 क्लस्टर।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: सड़क पर बेसहारा छोड़े पशुओं के टैग से 3 मालिकों की पहचान, SDM नाहन ने दिए FIR दर्ज करने के निर्देश
