कबड्डी में हिमाचल ने झटका गोल्ड
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मैडल हासिल किया है।
मंडी, जेएनएन। महाराष्ट्र के पुणे में चल रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में हिमाचल की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन कर गोल्ड मैडल हासिल किया है। फाइनल में हिमाचल की लड़कियों ने हरियाणा को 30-27 के अंतर से पराजित किया। अंडर-21 कबड्डी टीम में मंडी की रेडर भावना, डिफेंडर रीना और राइट कार्नर ऊषा ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।
खेलो इंडिया यूथ गेम 2019 में देश की बेहतर आठ टीमों का चयन हुआ था जिसमें हिमाचल ने कबड्डी में बाजी मारी है। मंडी की कबड्डी खिलाड़ी भावना, रीना व ऊषा शिरडा संस्थान में कबड्डी कोच डीआर चौधरी से कोचिंग ले रही हैं। जीत पर खेल मंत्री गो¨बद ठाकुर, सांसद रामस्वरूप शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई दी है। कबड्डी संघ मंडी के प्रधान टेक चंद शर्मा ने बताया कि जिला मंडी से पहले ही कबड्डी के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके हैं।
अब अंडर-21 लड़कियों के कबड्डी में गोल्ड मैडल जीतकर मंडी की खिलाड़ियों ने देश भर में प्रदेश का नाम रोशन किया है। मंडी आने पर इन प्रतिभावान खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया जाएगा। सरकार की ओर से उन्हें सहायता प्रदान करवाई जाएगी।