रोहिंग्या मुसलमानों के मामले पर हिमाचल सरकार सतर्क, समय रहते होगी उचित कार्रवाई
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल सरकार रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर पूरी तरह सतर्क है।
मंडी, जेएनएन। प्रदेश सरकार रोहिंग्या मुसलमानों को लेकर पूरी तरह सतर्क है। मामला सरकार के संज्ञान में हैं, हालांकि प्रदेश में अब तक रोहिंग्या के ज्यादा मामले सामने नहीं आए हैं। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज नेरचौक का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार मामले पर पूरी नजर बनाए हुए है और समय रहते उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बल्ह घाटी में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा स्थापित करने की कवायद चल रही है।
केंद्रीय टीम ने जमीन चिन्हित कर ली है। प्रशासन जमीन व भवनों से संबंधित रिकॉर्ड तैयार करने में लगा हुआ है। लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज में कक्षाएं आरंभ हो चुकी हैं। भव्य आधारभूत ढांचा बनकर तैयार किया गया है। एक माह में यहां ओपीडी शुरू कर दी जाएगी। अधिकारियों को इससे संबंधित निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उपकरण व मशीनरी की खरीद की जा रही है। इससे पहले जयराम ठाकुर ने सुंदरनगर के चमुखा में फोरलेन पर दरक रहे पहाड़ व डंगे का निरीक्षण किया।
प्रशासन व भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों को इस समस्या का स्थायी समाधान करने के निर्देश दिए। व्यापार मंडल नेरचौक के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और अपनी समस्याओं संबंधी ज्ञापन सौंपा। जयराम ठाकुर ने मेडिकल कॉलेज कैंपस में पौधरोपण किया। उनके साथ उनकी धर्मपत्नी डॉ. साधना ठाकुर, विधायक इंद्र सिंह गांधी, राकेश जम्वाल और जवाहर ठाकुर सहित उपायुक्त मंडी ऋग्वेद ठाकुर और पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव चंद शर्मा सहित अन्य गणमान्य मौजूद थे।