हिमाचल बिजली बोर्ड के कर्मचारी ने लगा लिया फंदा, सुंदरनगर में कमरे में मृत मिला 25 वर्षीय देवेन्द्र
सुंदरनगर, मंडी में बिजली बोर्ड के एक 25 वर्षीय पार्ट-टाइम कर्मचारी देवेंद्र कुमार ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका पाया।

हिमाचल बिजली बोर्ड कर्मी ने फंदा लगाकर जान दे दी। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सुंदरनगर में 25 वर्षीय बिजली बोर्ड कर्मी ने की आत्महत्या।
देवेंद्र कुमार ने घर में फंदा लगाकर अपनी जान दी।
पुलिस जांच जारी, परिवार ने किसी संदेह से इनकार किया।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश में जिला मंडी के सुंदरनगर क्षेत्र में बिजली बोर्ड में पार्ट टाइम कार्य करने वाले युवक ने घर में फंदा लगाकर जान दे दी। शव की पहचान 25 वर्षीय देवेन्द्र कुमार पुत्र नागणू राम, निवासी गांव संगाहन, डाकघर जुगाहन, तहसील सुंदरनगर के रूप में हुई है। शाम को जब देवेंद्र घूमकर आया तो वापस आते ही उसने फंदा लगा लिया। स्वजन ने आठ बजे उसे फंदे पर लटका पाया।
पुलिस की शिकायत के मुताबिक मेडिकल कालेज नेरचौक से दूरभाष के माध्यम से सूचना मिली कि देवेन्द्र कुमार को फंदे से लटकने के मामले में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज नेरचौक लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चाचा का बयान दर्ज
मृतक के चाचा चमन लाल ने बताया कि देवेन्द्र बिजली बोर्ड में पार्ट-टाइम कार्य करता था। 27 सितंबर को करीब शाम को वह घर पहुंचा और कुछ समय बाद घूमने के लिए चला गया। करीब साढ़े सात बजे वह वापस घर आया और अपने कमरे में चला गया। करीब आठ बजे स्वजन ने उसे कमरे में फंदे से लटका पाया।
परिवार ने नहीं जताया कोई संदेह
इसके बाद उसे उपचार के लिए मेडिकल कालेज नेरचौक ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक युवक की मौत को लेकर किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। घटनास्थल पर आरएफएसएल टीम का निरीक्षण भी करवाया गया। डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
