'नई गाड़ी ली है मुंह मीठा करवाओ', हिमाचल पुलिस जवान का टूरिस्ट से अनुचित मांग का वीडियो वायरल; SP ने लिया एक्शन
हिमाचल पुलिस के एक जवान का पर्यटकों से अनुचित मांग का वीडियो वायरल हुआ है। पुलिस अधीक्षक ने मामले का ...और पढ़ें
HighLights
हिमाचल पुलिस जवान का पर्यटकों से अनुचित मांग का वीडियो वायरल हुआ।
एएसआई ने नई गाड़ी के बदले 'मुंह मीठा' करवाने को कहा।
पुलिस अधीक्षक ने जवान को पुलिस लाइन भेजकर जांच के आदेश दिए।
संवाद सहयोगी, देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल पुलिस के जवान का पर्यटकों से अनुचित मांग का वीडियो वायरल हुआ है, इस पर विभाग ने एक्शन लिया है। प्रसारित वीडियो में उक्त कर्मचारी हरियाणा के युवकों से नई गाड़ी के बदले मुंह मीठा करवाने की बात कह रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग 503 पर यातायात जांच के दौरान युवकों की गाड़ी रोकी गई व कथित तौर पर अनुचित मांग की गई। प्रसारित वीडियो में दिख रहा एएसआई पुलिस जिला देहरा में तैनात है।
पुलिस अधीक्षक ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित कर्मचारी को पुलिस लाइन भेज दिया है। पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एसडीपीओ डाडासीबा को सौंपी है।
एसपी संदीप धवल ने लिया एक्शन
पुलिस अधीक्षक संदीप धवल के अनुसार 27 सितंबर को इंटरनेट मीडिया के माध्यम से एक वीडियो पुलिस के संज्ञान में आया। वीडियो में पुलिस जिला देहरा में तैनात एक कर्मचारी यातायात जांच के दौरान कार सवार लोगों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है।
आचरण प्रथम दृष्टा अमर्यादित
पुलिस के अनुसार वीडियो में कर्मचारी के व्यवहार से अनुचित मांग किए जाने का आभास होता है और उसका आचरण प्रथम दृष्टा अमर्यादित प्रतीत हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित कर्मचारी को पुलिस लाइन भेज दिया है। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष जांच और आगामी आवश्यक कार्रवाई के लिए एसडीपीओ डाडासीबा को निर्देश दिए हैं।
एसपी की दोटूक
एसपी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान हर पुलिस कर्मचारी से आमजन के साथ शालीन, मर्यादित और सम्मानजनक व्यवहार की अपेक्षा की जाती है। ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार के अनुचित आचरण को विभाग गंभीरता से लेता है।
