परिवार ने इंश्योरेंस के लिए दिए 9.30 लाख रुपये, मंडी की महिला एजेंट ने क्रिप्टो करंसी में लगाकर डूबो दिए
एक पॉलिसी एजेंट महिला ने बीमा के नाम पर लिए 9.30 लाख रुपये क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर डुबो दिए। ...और पढ़ें

मंडी में बीमा राशि की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
पॉलिसी एजेंट ने बीमा के नाम पर 9.30 लाख रुपये लिए।
एजेंट ने राशि क्रिप्टो करेंसी में निवेश कर डुबो दी।
पीड़ित परिवार ने सुंदरनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
संवाद सहयोगी, सुंदरनगर (मंडी)। क्रिप्टो करंसी में निवेश कर एक पॉलिसी एजेंट महिला ने एक परिवार के 9.30 लाख रुपये डूबो दिए। यह पैसे महिला एजेंट को जीवन बीमा करने के लिए दिए गए थे, तय समय पूरा होने पर जब पैसे वापस मांगने पर महिला एजेंट ने कहा कि पैसे क्रिप्टो करंसी में लगाए थे, जो डूब गए हैं और अब वह पैसे देने में असमर्थ है।
ऐसे में पीड़ित परिवार ने महिला के खिलाफ थाना सुंदरनगर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
तीन साल बाद राशि वापस मिलने की कही थी बात
पुलिस चौकी सलापड़ को दी शिकायत में चंद्र कुमार पुत्र स्व. बाबू राम, निवासी गांव चाकली, डाकघर सलापड़ कालोनी ने आरोप लगाया कि उसके पिता स्व. बाबू राम ने निर्मला देवी को जीवन बीमा करने के लिए कुल नौ लाख 30 हजार रुपये का चेक वर्ष 2020 में दिया था। निर्मला देवी ने तीन साल के लिए बीमा करने की बात कही थी और उसके बाद राशि वापस मिलनी थी, लेकिन वर्ष 2021 में उनके पिता का निधन हो गया।
पैसे मांगने पर टालमटोल करने लगी एजेंट
शिकायतकर्ता के अनुसार करीब तीन वर्ष बाद जब उक्त धनराशि वापस मांगी गई तो निर्मला देवी टालमटोल करने लगी, लेकिन बार-बार पूछने पर उसने बताया कि उसने पैसे क्रिप्टो करंसी में लगाए थे जहां पर वे डूब गए हैं। पीड़ित ने इससे पहले मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर सहित अन्य स्थानों पर भी की लेकिन कोई लाभ न होने पर अब पुलिस में मामला दर्ज करवाया है।
चंद्र कुमार ने आरोप लगाया कि निर्मला देवी ने पालिसी में निवेश करने के नाम पर उसके पिता से धनराशि प्राप्त की और उनकी सहमति के बिना उक्त रकम क्रिप्टो में निवेश कर दी।
पुलिस ने तेज की पड़ताल
डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस लेन-देन तथा कथित निवेश से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें: शिमला-मटौर फोरलेन पर अब जरा संभलकर, टोल प्लाजा पर ई-डिटेक्शन प्रणाली से कटेंगे गाड़ियों के चालान
