मंडी में आज से बनेंगे हिमकेयर कार्ड
मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थ केयर योजना के तहत 31 मार्च तक चलेगा अभियान -लोकमित्र केंद्र या कामन सि
मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थ केयर योजना के तहत 31 मार्च तक चलेगा अभियान
-लोकमित्र केंद्र या कामन सर्विस सेंटर में उपलब्ध होगी सुविधा
जागरण संवाददाता, मंडी : जिले में मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थ केयर योजना के अंतर्गत सभी पात्र लोगों को लाभ प्रदान करने के लिए 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। योजना के अंतर्गत पहली जनवरी से 31 मार्च तक सभी पात्र लोगों के हिमकेयर हेल्थ कार्ड बनाए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. देवेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि लाभार्थी यह कार्ड अपने समीप के लोकमित्र केंद्र या कामन सर्विस सेंटर में बनवा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपना राशन कार्ड, आधार कार्ड तथा कैटेगरी प्रमाणपत्र साथ ले जाना होगा। इसके अलावा स्वयं भी कार्ड बनाने के लिए बीपीएल, मनरेगा कर्मचारी, जिनके परिवार के किसी सदस्य ने वित्त वर्ष 2021-22 में 50 दिन कार्य किया हो, सफाई कर्मचारी, रेहड़ी-फड़ी जो कमेटी के तहत पंजीकृत हो, के लिए कोई शुल्क नहीं होगा। एकल नारी, आंगनबाड़ी कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता, अनुबंध कर्मचारी, आउटसोर्स, मिडडे मील कर्मचारी, अपंग व्यक्ति जो परिवार का मुखिया होना चाहिए, के लिए शुल्क 365 रुपये निर्धारित किया गया है, जो लोग उपरोक्त किसी भी कैटेगरी में नहीं आते और जिनके घर में कोई भी सरकारी कर्मचारी, सेवानिवृत्त, पेंशनभोगी पति-पत्नी में से कोई नहीं है उनके लिए 1000 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। सरकारी कर्मचारी सेवानिवृत्त, पेंशनभोगी पति-पत्नी जिनके बच्चे 25 वर्ष के हो गए हैं, वह बच्चे अपना हिमकेयर कार्ड मुख्यमंत्री हिमाचल हेल्थ केयर योजना के तहत बनवा सकते हैं। सभी लोगों के डिजिटल इंडिया के तहत यूनिक हेल्थ आइडी बन रही है। व्यक्ति विशेष अपनी आइडी स्वयं या लोक मित्र केंद्र, कामन सर्विस सेंटर में आधार कार्ड व मोबाइल नंबर लिंक कर पहली जनवरी से 31 मार्च तक बनवा सकते हैं। यह आइडी व्यक्ति विशेष की स्वास्थ्य संबंधी जानकारी व रिकार्ड सुरक्षित रखेगी।