तीन साल के बच्चे को साथ लाकर नशे में टली हुआ पिता
मंडी पुलिस कानून के साथ मानवता का धर्म भी निभा रही है।
जागरण संवाददाता, मंडी : मंडी पुलिस कानून के साथ मानवता का धर्म भी निभा रही है। रविवार रात पुलिस को किसी व्यक्ति ने सूचना दी कि बस स्टैंड मंडी में एक व्यक्ति नशे की हालत में बेसुध पड़ा हुआ है। उसके साथ एक तीन साल का बच्चा भी मौजूद है। सूचना पर मुख्य आरक्षी अनिल कुमार टीम के साथ पहुंचे। टीम ने इसकी सूचना थाना सदर प्रभारी सुनील कुमार को दी। पुलिस ने बेसुध व्यक्ति का पता जाना रात को ही निजी वाहन में दोनों को घर तक पहुंचाया। उक्त व्यक्ति कबाड़ का काम करता है। यहां किसी काम से बच्चे के साथ आया था।
इससे पहले गत माह एक महिला जो बग्गी क्षेत्र की रहने वाली थी। गलती से बस में बैठकर मंडी पहुंच गई थी। रात 11 बजे सदर पुलिस को सूचना मिली तो रातों-रात पुलिस सरकारी गाड़ी में महिला को घर छोड़ कर आई थी। करीब तीन महीने पहले एक फौजी को जो भर्ती होने के बाद यहां से उत्तराखंड के लिए रवाना हुआ था तथा रास्ते में गुम हो गया था। उसे भी सदर पुलिस ने एक नेशनल पुलिस ग्रुप की मदद करके ठिकाने तक पहुंचाया था। सोमवार को पुलिस को मंडी पुल पर एक व्यक्ति भीख मांगता हुआ नजर आया जो मानसिक रूप से परेशान था। उसे पुलिस चौकी ले जाकर पहले नहलाया, बाल व दाढ़ी कटवाई। उसके बाद नए कपड़े पहनाकर क्षेत्रीय अस्पताल मंडी में भर्ती करवाया। यह व्यक्ति खुद को बिहार का रहने वाला बता रहा है। पुलिस उसका पता जानने की कोशिश कर रही है। पुलिस अधीक्षक मंडी गुरदेव शर्मा ने इन प्रयासों के लिए सदर पुलिस की सराहना की है।