मंडी के किसानों ने प्राकृतिक खेती से कमाए एक करोड़, हिमाचल में MSP बढ़ने से किसानों की बल्ले-बल्ले
प्राकृतिक खेती से हिमाचल प्रदेश के किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, कुल 1.01 करोड़ रुपये उनके खातों में जमा हुए हैं।
-1795950590296_m.webp)
प्राकृतिक खेती से किसानों ने कमाए 1.01 करोड़।
HighLights
प्राकृतिक खेती से किसानों ने 1.01 करोड़ रुपये से अधिक कमाए
मक्की का MSP 40 से 50 रुपये प्रति किलो बढ़ा
मंडी जिले में 39,457 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं
जागरण संवाददाता, मंडी। प्राकृतिक खेती में सरकार द्वारा न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित करने और उसमें निरंतर बढ़ोतरी से किसानों की आय में इजाफा हो रहा है। अब तक 1,01,52,540 रुपये विभिन्न किसानों के खातों में प्राकृतिक खेती से उगाए उत्पादों के जमा हो चुके हैं। वर्तमान समय में भी सरकार मक्की की खरीद कर रही है और 485.52 क्विंटल मक्की की खरीद हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने मक्की का न्यूनतम समर्थन मूल्य 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलो कर दिया है। वहीं, गेहूं के समर्थन मूल्य में भी 20 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी की गई है।
वर्तमान में जिले के 14 विकास खंडों में 39,457 किसान प्राकृतिक खेती से जुड़ चुके हैं, जिनमें से 28,640 किसान पिछले तीन वर्षों के दौरान इस पद्धति से जुड़े हैं। कृषि विभाग के परियोजना उप निदेशक हितेंद्र सिंह रावत ने बताया कि जिला मंडी में वित्त वर्ष 2026-27 के दौरान अब तक 257 किसानों से 485.52 क्विंटल मक्की की खरीद की जा चुकी है।
करसोग, चुराग, निहरी, सराज और बालीचौकी विकास खंडों में दिसंबर माह के दौरान मक्की की खरीद की जाएगी। वहीं वित्त वर्ष 2024-25 में 328 किसानों से 651.33 क्विंटल मक्की, 15 किसानों से 2.982 मीट्रिक टन कच्ची हल्दी तथा 152 किसानों से 290.67 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई। इसी तरह वित्त वर्ष 2025-26 में 192 किसानों से 389.48 क्विंटल प्राकृतिक खेती से उत्पादित मक्की तथा 236 किसानों से 230 क्विंटल कच्ची हल्दी की खरीद की गई।
किसान बोले, बेहतर दाम से आर्थिकी मजबूत हुई
द्रंग खंड की कुन्नू निवासी कृष्ण कुमार ने बताया कि वह पिछले पांच वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। गत वर्ष कृषि विभाग को दो क्विंटल गेहूं 60 रुपये प्रति किलो की दर, इस वर्ष सात क्विंटल मक्की का उत्पादन किया, जिसमें से 4.5 क्विंटल मक्की 50 रुपये प्रति किलो की दर से बेची।
उन्हें कुल 22,500 रुपये की आय हुई। मोडधर की विमला देवी ने कहा कि उन्होंने विभाग को एक क्विंटल मक्की बेची। गत वर्ष भी उन्होंने एक क्विंटल गेहूं बेचा था। उन्होंने समर्थन मूल्य बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।