एसडीओ का फेसबुक अकाउंट हैक कर कानूनगो से ठगे 10 हजार
साइबर क्राइम से जुड़े शातिरों ने लोक निर्माण विभाग के एक सहायक अभियंता का फेसबुक अकाउंट हैक कर कानूनगो से 20 हजार रुपये की ठगी कर ली। सहायक अभियंता अनिल कुमार मढ़ी व कानूनगो ज्ञान चंद संधोल में कार्यरत हैं। शातिरों ने एक घंटे में करीब 20 लोगों को मैसेजर पर संदेश भेज पैसे की मांग की मगर उनके जाल में कानूनगो ही फंसा। सहायक अभियंता व कानूनगो ने इसकी शिकायत पुलिस थाना
जागरण संवाददाता, मंडी : शातिरों ने लोक निर्माण विभाग के एक सहायक अभियंता (एसडीओ) का फेसबुक अकाउंट हैक कर कानूनगो से 10 हजार रुपये ठग लिए। सहायक अभियंता अनिल कुमार मढ़ी व कानूनगो ज्ञान चंद संधोल में कार्यरत हैं। शातिरों ने एक घंटे में करीब 20 लोगों को मैसेंजर पर संदेश भेजकर पैसे की मांग की, मगर उनके जाल में कानूनगो ही फंसा। एसडीओ व कानूनगो ने इसकी शिकायत धर्मपुर थाना में दर्ज करवाई है।
साइबर अपराधियों ने शनिवार सुबह एसडीओ अनिल कुमार का फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया। इसके बाद मैसेंजर से उनके दोस्तों को संदेश भेजने शुरू कर दिए। दोस्तों ने मैसेंजर पर अनिल से पूछा कि उन्हें किस प्रकार की मदद चाहिए तो बताया गया कि बेटे की हालत गंभीर है। आइसीयू में भर्ती है। पैसे गूगल पे या पेटीएम के माध्यम से जो नंबर दिया गया है उस पर ट्रांसफर कर दें। वह खुद भी आइसीयू परिसर में है ज्यादा चैट नहीं कर सकता है। कानूनगो ज्ञान चंद शातिरों के झांसे में आ गया। उसने दोस्त को विपदा में देख अपने बैंक अकाउंट से 10 हजार रुपये अपने बेटे के अकाउंट में ट्रांसफर कर दिए। उसे बताए गए नंबर पर गूगल पे से पैसे ट्रांसफर करने को कहा। बेटे ने पिता के आदेश को मान तुरंत पैसे ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद ज्ञान चंद ने अनिल से संपर्क करने की कोशिश की तो उनका मोबाइल फोन काफी देर तक व्यस्त आ रहा था। ज्ञान चंद यही सोचता रहा शायद अस्पताल में व्यस्त होगा। 12 बजे के करीब ज्ञान चंद ने अनिल को कॉल कर दोस्त के बेटे का हालचाल पूछा तो वह दंग रह गया। उसने पैसे मांगने व ट्रांसफर करने की बात बताई। इसके बाद अनिल को अन्य दोस्तों की कॉल भी आई। उन्होंने भी यही बात बताई तो इसके बाद अनिल का माथा ठकना। अपना फेसबुक अकाउंट देखा तो वह हैक हो चुका था। इसके बाद फरियाद लेकर पुलिस के पास पहुंचा।
----------
शिकायत मिली है। धर्मपुर पुलिस मामले की जांच कर रही है। लोगों को साइबर क्राइम को लेकर बार बार सतर्क किया जा रहा है, फिर भी लोग नहीं मान रहे हैं। कोई भी व्यक्ति किसी के बहकावे में आकर अपना पैसा इस तरह न लुटाए।
-गुरदेव शर्मा, पुलिस अधीक्षक मंडी।