सरकाघाट व बल्ह की जैहमत और गैहरी पंचायत का क्षेत्र कंटेनमेंट जोन घाेषित, बफर जोन भी किया तय
Himachal Coronavirus News सरकाघाट व बल्ह उपमंडल में सोमवार रात कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने कंटेनमेंट व बफर जोन घोषित कर दिए हैं।
मंडी, जागरण संवाददाता। सरकाघाट व बल्ह उपमंडल में सोमवार रात कोरोना संक्रमण के दो मामले सामने आने के बाद प्रशासन ने कंटेनमेंट व बफर जोन घोषित कर दिए हैं। सरकाघाट हलके के बलद्वाड़ा क्षेत्र की जैहमत पंचायत की केहरी वार्ड व बल्ह की कोठी गैहरी पंचायत के कोठी गांव को कंटेनमेंट जोन घोषित किया है। बलद्वाड़ा क्षेत्र की 64 वर्षीय महिला जनवरी में अपने उपचार के लिए दिल्ली गई थी। वहां से 11 लोगों के साथ 19 जून को घर वापस आई थी। होम क्वारंटाइन में थी।
स्वास्थ्य विभाग ने 27 जून को कोविड-19 जांच के लिए सैंपल लिया था। इसके अलावा अप्पर जैहमत, लोअर जैहमत, थाना जोल, व कुनेहला वार्ड को बफर जोन में शामिल किया गया है। महिला के संपर्क में 15 लोग आए हैं। सबको होम क्वारंटाइन कर दिया है। बल्ह हलके की कोठी गैहरी पंचायत में 28 वर्षीय सेना जवान राजस्थान से लौटा था। वह होम क्वारंटाइन में था। पंचायत के कोठी गांव को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। कोठी गैहरी पंचायत की अन्य सभी वार्ड, सरध्वार व दूसरा खाबू पंचायत को बफर जोन घोषित किया गया है।
प्रशासन ने कंटेनमेंट जोन में आम लोगों व वाहनों की आवाजाही पर पूरी तरह से रोक लगा दी है। आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति होम डिलीवरी के माध्यम से होगी। वार्ड व गांव को जोडऩे वाले संपर्क मार्गों को बंद करने के साथ पुलिस जवानों की तैनाती कर दी है। बफर जोन में भी प्रशासन की अनुमति के बिना लोग आवाजाही नहीं कर पाएंगे।
जैहमत व कोठी गैहरी पंचायत में कोरोना के दो मामले आने के बाद कंटेनमेंट व बफर जोन घोषित कर दिए गए हैं। लोगों की सुविधा के लिए क्षेत्र में नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। -ऋग्वेद ठाकुर, उपायुक्त, मंडी।